Looks like you've blocked notifications!

पौधारोपण कार्य संकल्प के साथ करें : अतुल भंसाली

जोधपुर। राज्य सरकार के निर्देशानुसार संचालित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर वन, कायलाना में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, वन विभाग कार्मिकों, पर्यावरण प्रेमियों तथा आमजन ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण का संकल्प लिया।इस अवसर पर मुख्य अतिथि जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने कहा कि पौधारोपण केवल एक औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति पौधारोपण को एक संकल्प के रूप में अपनाए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से अधिकाधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण को मजबूत बनाया जा सकता है तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा दोनों क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। ऐसे अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ लोगों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हैं।कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा ने कहा कि जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि जल संकट की चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सामुदायिक सहभागिता और जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से जल बचाने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने तथा अधिकाधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।संभागीय मुख्य वन संरक्षक अनूप के. आर. ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए, ताकि प्रकृति हरियाली की चादर ओढ़ सके। उन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल के महत्व पर भी प्रकाश डाला।पर्यावरण प्रेमी प्रसन पूरी ने कहा कि स्थानीय जलवायु एवं भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप प्रजातियों का चयन कर पौधारोपण किया जाना चाहिए, जिससे पौधों के जीवित रहने और विकसित होने की संभावना अधिक रहती है। उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक पौधारोपण कर जोधपुर को हरित एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने का संदेश दिया।उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों का हुआ सम्मानकार्यक्रम के दौरान वन विभाग द्वारा पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण एवं जनजागरूकता गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को प्रशंसा-पत्र एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों एवं नागरिकों को जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा अधिकाधिक पौधारोपण करने का सामूहिक संकल्प लिया।कार्यक्रम में राजेन्द्र पालीवाल, आईएएस प्रशिक्षु उमेश कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपतलाल सुथार, अधीक्षण अभियंता वाटरशेड जगदीश चौधरी, अधिशासी अभियंता नरेगा सोहम शर्मा, क्षेत्रीय वन अधिकारी मण्डोर कृष्ण कुमार परमार, सहायक वन संरक्षक शिवप्रकाश विश्नोई सहित जनप्रतिनिधिगण , पर्यावरण प्रेमी, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
Share this article