गहरे संकट से जूझता लेबनान, आम नागरिक भुगत रहे हैं ख़ामियाज़ा
मध्य पूर्व क्षेत्र में भड़के हिंसक टकराव की आंच में लेबनान भी झुलस रहा है, जहाँ लाखों लोग विस्थापित होने के लिए मजबूर हुए हैं और मानवीय सहायता प्रयासों के लिए संसाधनों की गहरी क़िल्लत है. लेबनान में संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष मानवतावादी अधिकारी इमरान रिज़ा ने यूएन न्यूज़ के साथ एक बातचीत में स्थानीय नागरिकों के लिए बढ़ती चुनौतियों के प्रति आगाह किया है.
28 फ़रवरी को ईरान पर इसराइली व अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने कुवैत, ओमान, बहरीन, क़तर, संयुक्त अऱब अमीरात समेत अन्य देशों पर जवाबी हमले किए. इसके बाद, 2 मार्च को लेबनान में हिज़बुल्लाह द्वारा इसराइल पर रॉकेट हमले किए गए, जिसके जवाब में इसराइली बलों ने सैन्य कार्रवाई की.उसके बाद से, लड़ाई तेज़ होती गई है. हिज़बुल्लाह की ओर से रॉकेट हमले व गोलाबारी की जा रही है, और इसराइल ने हवाई हमलों के साथ-साथ कुछ इलाक़ों में सीमा पार करके ज़मीनी कार्रवाई की है.लेबनान में मानवीय सहायता मामलों में समन्वय के लिए यूएन अधिकारी इमरान रिज़ा ने यूएन न्यूज़ को बताया कि देश में स्थिति, पूरी तरह से एक मानवीय आपदा में तब्दील हो चुकी है.वैश्विक मानवतावादी कार्यों के लिए धन कटौती की वजह से संसाधनों की उपलब्धता घटी है. इसके मद्देनज़र, यूएन एजेंसियाँ अब जीवनरक्षक प्रयासों को प्राथमिकता दे रही हैं और औचक सहायता अपील जारी करने की तैयारी में जुटी है, ताकि अतिरिक्त समर्थन को हासिल किया जा सके.8 लाख लोग विस्थापित
© WFP/Arete/Ali Yunes
लेबनान में हाल ही में हुए हवाई हमलों का प्रभाव बेरूत के एक उपनगर में दिखाई दे रहा है.
लेबनान में हिंसा और इसराइल द्वारा जगह छोड़कर जाने के आदेशों की वजह से अब तक, 8.15 लाख लोग विस्थापन का शिकार हुए हैं. यूएन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आम नागरिकों पर भीषण दबाव है और तेज़ी से विस्थापित हुए लोगों की संख्या दर्शाती है कि यह कितना विशाल संकट है. इस टकराव के पहले सप्ताह में 83 बच्चों के मारे जाने की जानकारी है. हताहतों की कुल संख्या में लगभग 20 प्रतिशत बच्चे और 21 प्रतिशत महिलाएँ हैं.विस्थापन की वजह से, देश भर में शिक्षा में व्यवधान आया है. 1.20 लाख विस्थापितों ने, सामूहिक आश्रय स्थलों में शरण ली हैं, जिनमें से अधिकाँश को स्कूलों में स्थापित किया गया है.कक्षाएँ अब अस्थाई शरण के लिए स्थान बन गए हैं, और बड़ी संख्या में बच्चों के लिए अब स्कूल में पढ़ाई कर पाना सम्भव नहीं है.जीवन जीने का संघर्षरैज़िडेंट कोऑर्डिनेटर ने बताया कि बड़ी संक्या में परिवार, जगह खाली करने के आदेश मिलने के कुछ ही देर बाद अपने घर छोड़कर भागने के लिए मजबूर हुए, जिनमें दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी हिस्से में रहने वाले लोग हैं. इनमें से अनेक लोग, 2024 में इसराइल और हिज़बुल्लाह के बीच लड़ाई के दौरान विस्थापित होने के बाद हाल ही में अपने घर लौटे थे, और जीवन को फिर से पटरी पर लाने का प्रयास कर रहे थे.उन्होंने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बीच, महिलाएँ अपने परिवारों को सम्भाले रखने में अहम भूमिका निभा रही हैं और बच्चों की देखभाल कर रही हैं.इन हालात में, मानवीय सहायता प्रयास कठिन होते जा रहे हैं. इमरान रिज़ा के अनुसार, वर्ष 2024 की तुलना में इस साल का संकट अधिक व्यापक है, औऱ लेबनान भी एक कमज़ोर स्थिति में है.उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि जल्द से जल्द हिंसक टकराव पर विराम लगाए जाने की आवश्यकता है और केवल कूटनैतिक व राजनैतिक प्रक्रिया के ज़रिए ही पीड़ा का अन्त किया जा सकता है.