यदि नफ़रत को बेक़ाबू छोड़ दिया जाए तो यह सब कुछ बर्बाद कर सकती है, और इसलिए हॉलोकॉस्ट (यहूदी जनसंहार) केवल एक इतिहास भर नहीं है, बल्कि यह एक चेतावनी भी है. संयुक्त राष्ट्र के शीर्षतम अधिकारी एंतोनियो गुटेरेश ने मंगलवार, 27 जनवरी, को अन्तरराष्ट्रीय हॉलोकॉस्ट स्मरण दिवस के अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा है कि इस विभीषिका के पीड़ितों को सम्मान के लिए हमें न्याय, करुणा व सतर्कता का संकल्प लेना होगा और दमन के विरुद्ध मानवता के पक्ष में एकजुट खड़े रहना होगा.
दूसरे विश्व युद्ध के दौरान नात्सियों ने 60 लाख से अधिक यहूदियों और उनके साथ रोमा, सिन्ती समूहों के लोगों का संहार किया था, और अन्य अनगिनत पीड़ितों को अभूतपूर्व भयावहता व क्रूरता के दौर से गुज़रना पड़ा. 81 वर्ष पहले, आउशवित्ज़-बर्केनाउ यातना व जनसंहार शिविर को आज़ाद कराए जाने की स्मृति में, हर वर्ष 27 जनवरी को यह स्मरण दिवस मनाया जाता है. इन यातना शिविरों में 10 लाख से अधिक लोगों की हत्या कर दी गई थी.मंगलवार को यूएन महासभागार में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए इस जनसंहार में जीवित बचे व्यक्तियों, और उनके परिजन, पीड़ितों की स्मृति को सम्मानित करने के लिए एकत्र हुए. इस आयोजन में रोमा व सिन्ती समुदायों, विकलांग जन, एलजीबीटीक्यूआई+ व्यक्तियों और उन सभी को याद किया गया, जिन्होंने नात्सी शासन के दौरान व्यवस्थागत ढंग से हिंसा, यातना, और जनसंहार का सामना किया.महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने यहूदीवाद विरोध के पुराने ज़हर के विरुद्ध लड़ाई की अहमियत को रेखांकित करते हुए कहा कि हॉलोकॉस्ट के सबक़ को कभी नहीं भुलाया जा सकता है.
UN Photo/Evan Schneider
यूएन महासचिव एंतोनियो गुटेरेश ने हॉलोकॉस्ट के पीड़ितों के स्मरण में अन्तरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को सम्बोधित किया.
“स्मरण, अतीत को सम्मान देने से कहीं बढ़कर है. यह एक कर्तव्य व एक वचन है, गरिमा की रक्षा करने, निर्बलों को सुरक्षा देने, और उन सभी के प्रति निष्ठा बनाए रखने का, जिनके नाम व कहानियाँ भूलने से हम इनक़ार करते हैं.”यहूदी विरोध से लड़ाईयूएन प्रमुख ने अपने सम्बोधन में 7 अक्टूबर 2023 को, हमास व अन्य फ़लस्तीनी हथियारबन्द गुटों द्वारा दक्षिणी इसराइल में किए गए हमलों की निन्दा दोहराई. उन्होंने कहा कि इस भयावहता की परछाई में भी, इस कार्यक्रम में पीड़ितों को याद करना हमें आशा बंधाता है. “आप यहाँ पर आए हैं, चूँकि आपने नफ़रत के बजाय आशा को चुना. आपने एक जीवित शक्ति के तौर पर स्मरण को चुना. पूर्वाग्रह के विरुद्ध एक ढाल, न्याय की एक चिंगारी, हर मनुष्य की रक्षा का संकल्प.”
Tweet URL
उन्होंने कहा कि हॉलोकॉस्ट, असल में हत्याओं के बजाय शब्दों के साथ शुरू हुआ था. “हमारे साझा इतिहास का यह काला अध्याय कुछ कठोर वास्तविकताओं को उजागर करता है.”“जब शक्ति सम्पन्न वर्ग, कार्रवाई करने में विफल रहता है, तो दुष्टता को दंड नहीं मिलता.” यूएन महासचिव ने विश्व भर में, हर स्थान पर यहूदी विरोध और नफ़रत के हर प्रकार की व्यापक निन्दा की पुकार लगाई.“हमारा कर्तव्य स्पष्ट है: सच बोलना. नई पीढ़ियों को जागरुक बनाना. यहूदी विरोध और सभी प्रकार की नफ़रत व भेदभाव का सामना करना. और हर एक व्यक्ति की गरिमा की रक्षा करना.”फिर कभी नहीं दोहराने का संकल्पयूएन महासभा की अध्यक्ष ऐनालेना बेयरबॉक ने बताया कि आयोजन से पहले उन्होंने यातना शिविर से बचकर आने वाले ब्लूमेन्थल लज़ान से मुलाक़ात की. उन्हें दूसरे विश्व युद्ध के दौरान बचपन में बर्गन-बेलसन में जबरन भेजा गया था.पूर्व जर्मन विदेश मंत्री बेयरबॉक ने कहा कि उन्होंने अपनी छात्रावस्था में अनेक कुख्यात यातना शिविरों का दौरा किया, और इस अनुभव ने उन्हें गहराई तक प्रभावित किया.महासभा प्रमुख ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र, उसके चार्टर, मानवाधिकारों की सार्वभौम घोषणा, इन सभी के मूल में यह वचन दोहराया गया है कि इस विभीषिका को फिर कभी नहीं दोहराया जाएगा. “हमारा कर्तव्य है कि जब कभी अमानवीयकरण किए जाने के संकेत दिखाई दें, तो हम पहले से कहीं अधिक बुलन्द होकर अपनी आवाज़ उठाएं.”उन्होंने हॉलोकॉस्ट में जीवित बचे सिमोन विज़ेनथॉल का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि अच्छे लोग कुछ नहीं करें, तो बस यही स्तिति, दुष्टता के फलने-फूलने की वजह बन जाती है.