Looks like you've blocked notifications!

ईरान का पीस ऑफर ट्रंप ने ठुकराया : परमाणु कार्यक्रम पर चुप्पी बनी वजह, मध्य-पूर्व में तनाव बरकरार

वॉशिंगटन/तेहरान। मध्य-पूर्व में जारी युद्ध को समाप्त करने की दिशा में ईरान द्वारा भेजे गए एक ताज़ा शांति प्रस्ताव ने दुनिया भर की उम्मीदें तो जगाई थीं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रुख ने इस पर पानी फेर दिया है। रॉयटर्स के अनुसार, ट्रंप ईरान के इस प्रस्ताव से खुश नहीं हैं और उन्होंने इसे अपर्याप्त माना है।अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रंप के असंतोष का सबसे बड़ा कारण यह है कि इस नए प्रस्ताव में ईरान के परमाणु कार्यक्रम (Nuclear Program) का कोई जिक्र नहीं किया गया है। ट्रंप प्रशासन का मानना है कि बिना परमाणु नियंत्रण के किसी भी समझौते का कोई ठोस अर्थ नहीं है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लेविट ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति इस मामले में अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के साथ गहन चर्चा कर रहे हैं।दोनों देशों के बीच जारी इस गतिरोध का सीधा असर वैश्विक बाजार पर पड़ रहा है। इस क्षेत्र से होने वाली ऊर्जा और कच्चे तेल की आपूर्ति में बड़ी कमी दर्ज की गई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंताएँ बढ़ गई हैं।एक तरफ जहाँ अमेरिका से बातचीत अधर में है, वहीं ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश में हैं। पिछले 48 घंटों में उन्होंने पाकिस्तान, ओमान और रूस का दौरा किया है। अराग़ची की इन यात्राओं का मकसद अमेरिका पर दबाव बनाना और मध्य-पूर्व में ईरान की स्थिति को मजबूत करना माना जा रहा है।गौरतलब है कि इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत होने वाली थी, जो अंतिम समय में रद्द हो गई। इसके बाद ट्रंप ने अपने दूतों का दौरा रद्द करते हुए तीखा रुख अपनाया था और कहा था कि ईरान चाहे तो अपना प्रस्ताव फोन के जरिए भी भेज सकता है। फिलहाल, शांति की मेज पर वार्ता की जगह फिर से कूटनीतिक तनातनी ने ले ली है।
Share this article