गुरुग्राम। गुरुग्राम में शुक्रवार को एक कार में रहस्यमय तरीके से आग लग गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग जिंदा जलकर खाक हो गए। घटना उल्लावास गांव के पास की है। प्रापत जानकारी के अनुसार कार में आग उल्लावास गांव के पास सेक्टर 56 और 61 के बीच की है। पुलिस का कहना है कि उन्होंने सेक्टर 56 से 61 के बीच से बुरी तरह जली कार बरामद कर ली है। वहीं दमकल विभाग के अधिकारी गुलशन कालरा ने बताया कि घटना आधी रात के आसपास की है। कार बुरी तरह जली हुई है और पीछे की सीट से दो शव बरामद किए गए हैं। एक अन्य शव लगभग पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने बताया कि कार में सीएनजी लगी थी, लेकिन आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं लग पाया है। मृतकों (लगभग 30 वर्ष) की पहचान देवेंद्र, बॉबी और नरेंद्र के रूप में हुई है। ग्रामीणों के बयान के मुताबिक, वे सभी गुरुवार शाम से लापता थे। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार एक सुनसान इलाके में सडक़ किनारे खड़ी थी और इस घटना का अब तक कोई चश्मदीद नहीं सामने आया है।