सीतापुर। रेउसा के रेवान गांव में एक बाबा की शुक्रवार देर रात कूटिया में ही धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। मामले में पत्नी ने गांव के ही दो लोगों को नामजद किया है। पत्नी का आरोप है कि मठ पर कब्जा करने व चढ़ावे की रकम के बंटवारे को लेकर उसके पति की हत्या की गई है। पुलिस ने बाबा के साथ कुटी में रह रहे एक युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही पुलिस मामले में नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए कथित चेले हरदोई निवासी छोटे उर्फ छोटेलाल की हरकतें और बयान संदिग्ध लग रहे हैं। चेले ने बताया है कि देर रात दो लोग आए थे, जिन्हें बाबा ने चिलम पीने के लिए अंदर बुला लिया था। मृतक की पत्नी राजकुमारी ने इस मामले में गांव के ही पंडा व कुलवंत पुत्रगण सरवर के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।