चूरू। जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी ने कहा है कि शिक्षा विभाग से जुड़े सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ इस प्रकार से मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें कि विद्यालयों की स्थिति में निरंतर बेहतरी आए और विद्यार्थियों को एक अच्छा शैक्षणिक माहौल उपलब्ध हो।जिला कलक्टर मंगलवार को कलक्ट्रेट में आयोजित जिला निष्पादन समिति एवं मिड डे मिल की समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों को संबोधित कर रही थीं। जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विभाग की लाभकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत विद्यार्थियों तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें, शिक्षा विभाग की जिला रैकिंग को सतत् बनाये रखने के लिए अधिकारी सुनियोजित प्रयास करें, शून्य एवं न्यून नामांकन वाले विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने हेतु सामूहिक प्रयास करें। कार्यालयों एवं विद्यालयों में कार्मिकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करें एवं आकस्मिक निरीक्षण कर विलम्ब से आने वाले एवं बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ कार्यवाही करें।मिड डे मिल पर चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर गुणवत्तायुक्त एवं समुचित पोषाहार उपलब्ध करवाना हमारी जिम्मेदारी है, इस दिशा में समुचित मॉनीटरिंग करते हुए कार्यवाही सुनिश्चित करें।मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी जगबीर सिंह यादव ने शिक्षा विभाग के अन्तर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं प्रगति के सबंध में अवगत करवाते हुए पट्टा विहीन विद्यालयों के भू आवंटन, खेल मैदान, विद्यालयों में स्मार्ट क्लास एवं विद्यालयों में सीसीटीवी के बारे में जानकारी दी। सहायक परियोजना समन्वयक हरिप्रसाद शर्मा ने न्यून नामांकन वाले विद्यालयों, शाला दर्पण, निर्माण कायोर्ं, विद्यार्थियों के आधार एवं जन आधार कार्ड लिंक, जिला रैंकिग, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों, राजकीय विद्यालयों में ब्रॉडबैन्ड कनेक्शन तथा सेनेटरी नेपकिन डिस्पेंसर एवं इन्सिनरेटर की विद्यालयों में उपलब्धता के बारे में अवगत कराया। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शिक्षा गोविन्द सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों हेतु कल्याणकारी लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी। जिला साक्षरता अधिकारी ओमप्रकाश फगेड़िया ने नव भारत साक्षरता कार्यकम के बारे में बताया। जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा संतोष महर्षि ने मिड-डे-मील योजना के बारे में जानकारी दी। सहायक निदेशक बृजेन्द्र दाधीच ने निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण के सबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर जिले के समस्त ब्लॉक के सीबीईओ ओमदत्त सहारण, अशोक कुमार पारीक, भंवरलाल डूडी, संदीप व्यास, ओमप्रकाश देवठिया, एसीबीईओ बाबूलाल बुनकर, बेधड़क बडसरा, सीडीईओ कार्यालय के जनार्दन गहलोत सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।