जयपुर। शिक्षा, पर्यटन एवं देवस्थान राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा है कि राजस्थान में शिक्षा के स्तर को देश में प्रथम पायदान तक पहुंचाना एवं राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में शैक्षिक एवं भौतिक संसाधन उपलब्ध करवाना राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य है। शिक्षा राज्यमंत्री डोटासरा शनिवार को सीकर जिले में नवजीवन साइंस कॉलेज में 30 नवम्बर से 3 दिसम्बर तक आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। कार्यक्रम में शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि विज्ञान मेले में प्रदर्शित मॉडल विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने एवं पर्यावरण के महत्व को समझने में कारगर साबित होंगे। प्रदर्शनी बाल वैज्ञानिकों की सृजनात्मक, क्रियात्मक एवं अन्वेषणात्मक एवं अभिवृत्ति का विकास करने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य स्तरीय विज्ञान मेला 2019-20 के आयोजन का सौभाग्य सीकर जिले को प्राप्त हुआ है। सीकर जिले को प्रदेश की शिक्षा नगरी भी कहा जाता है तथा यहां पर राजस्थान राज्य से ही नहीं देश के अधिकांश राज्यों से विद्यार्थी विज्ञान में अपना भविष्य उज्जवल बनाने के लिए आ रहे है। उन्होंने कहा कि राज्य के राजकीय विद्यालयों के पुस्तकालयों के लिए 35 करोड़ रूपए तथा 69 करोड़ रूपए खेल सुविधाओं पर व्यय किए जाएंगे।