Looks like you've blocked notifications!

तावडू को उप मंडल बनाने को मंजूरी

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमण्डल की बैठक में जिला नूह की तहसील तावडू को उप-मंडल बनाने के राजस्व एंव आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इस आशय का निर्णय उपायुक्त, नूह की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।इस समय, दो उप-मंडल नामत: फिरोजपुर झिरका और नूह तथा चार तहसीलें नामत: फिरोजपुर झिरका, पुन्हाना, नूह और तावडू हैं। इसके अतिरिक्त, जिला नूह में एक उप-तहसील नगीना भी है। नए उप-मंडल में 82 गांव और एक कानूनगो सर्कल, 12 पटवार सर्कल, एक पुलिस थाना, एक पुलिस चौकी और एक नगर समिति होगी। जिला मुख्यालय नूह से तावडू उप-मंडल 15 किलोमीटर दूर है।मंत्रिमंडल ने जिला जींद की नरवाना तहसील के आठ गांवों को उचाना तहसील(उपमंडल उचाना) में स्थानातंरित करने के राजस्व एंव आपदा प्रबंधन विभाग के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। इन गांवों में बदनपुर, डुमेरखा कलां, डुमेरखा खुर्द, घासो खुर्द, लोधर, सुदकेन कलां, सुदकेन खुर्द और सुंदरपुरा शामिल हैं। उप-तहसील, उचाना का दर्जा बढ़ाकर उसे तहसील एवं उप-मंडल बनाया गया है। इस समय ये गांव तहसील एवं उप-मंडल, नरवाना का हिस्सा हैं लेकिन खंड एवं उप-मंडल, उचाना के तहत आते हैं। इस विसंगति को दूर करने के लिए इन गांवों को तहसील एवं उप-मंडल, उचाना में शामिल किया गया है जबकि पहले ये तहसील एवं उप-मंडल, नरवाना में आते थे। अत: अब से गांव राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए उप-मंडल अधिकारी (नागरिक), उचाना के नियंत्रण के तहत होंगे।बैठक में गांव बारटा को जिला जींद की तहसील नरवाना से तहसील एवं जिला कैथल में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने जिला हिसार की तहसील बास के गांव पेटवाड़ को तहसील नारनौंद में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। संबंधित उपायुक्त ने भौगोलिक निकटता के कारण और प्रशासनिक सुविधा के लिए इन गांवों को स्थानांतरित करने की सिफारिश की थी।
Share this article