जयपुर। नगर निगम जयपुर द्वारा बुधवार को शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में विभिन्न इलाकों में सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान निगम के दस्ते ने इमली फाटक, करतारपुरा फाटक, अलका सिनेमा, अग्रसेन सर्किल, रोड नंबर-17, कलेक्ट्रेट सर्किल, झोटवाड़ा बाजार, सांगानेरी गेट, मिनर्वा सिनेमा क्षेत्र, घाट गेट, ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली बाईपास रोड, जयपुर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन कार्यालय क्षेत्र, शांति पथ, बर्मीज कॉलोनी, जवाहर नगर, शक्ति कॉलोनी, सिंधी कॉलोनी, आदर्श नगर, गीता भवन चौराहा, मुकुल मार्ग सहित अनेक क्षेत्रों में कार्रवाई की।नगर निगम टीम द्वारा करीब 40 स्थानों से अवैध रूप से रखा गया सामान हटवाया गया, जबकि कार्रवाई के दौरान 14 ट्रक सामान जब्त किया गया। इसके साथ ही अतिक्रमणकर्ताओं से 43 हजार रुपये का जुर्माना वसूलते हुए परिवहन शुल्क की रसीदें भी जारी की गईं।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करें और शहर को व्यवस्थित व सुगम बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।