फिरोजपुर। एक तरफ पंजाब सरकार द्वारा एक ही छत के नीचे सभी तरह की सरकारी सुविधाएं प्रधान करने के लिए पंजाब भर में करीब 2200 सेवा केंद्र शुरू किये जा रहे है। वहीं जिला मुख्यालय पर स्थापित किए गए सुविधा केन्द्रों को बंद कर सारा काम सेवा केन्द्रों को सौंप दिया गया। हैरानी की बात यह है की जिला मुख्यालय पर स्थापित किये गए सेवा केन्द्रों में अभी तक जनरेटर की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई और जब भी बिजली की सप्लाई बंद हो जाती है तो इन सेवा केन्द्रों का सारा काम ठप्प हो जाता है। पिछले कई दिनों से फिरोज़पुर में बिजली की आठ-नौ घंटे की कटौती हो रही है। जिस कारण डिप्टी कमिश्नर फिरोज़पुर के कार्यालय के सेवा केन्द्र का काम ठप्प हो जाता है। जहां सेवा केंद्र के कर्मचारियों को घंटो तक परेशानियों का सामना करना पड़ता है, वहीं लोगों को भी बार-बार एक काम के लिए सेवा केन्द्रो के चक्कर काटने पड़ते है।