धौलपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें उनकी आस्था, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़े रखने के लिए सतत प्रयासरत है। इसी क्रम में देवस्थान विभाग द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2025 के अंतर्गत धौलपुर जिले की लॉटरी प्रक्रिया मंगलवार को जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि जिले से इस योजना के अंतर्गत कुल 1127 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से लॉटरी द्वारा 979 वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया। इनमें से 874 वरिष्ठजन रेल यात्रा तथा 105 वरिष्ठजन हवाई यात्रा के लिए चयनित हुए हैं।मुख्य सूची के अतिरिक्त रेल यात्रा हेतु 689 एवं हवाई यात्रा हेतु 105 लोगों की प्रतीक्षा सूची भी निकाली गई। रेल के जरिए रामेश्वरम, मदुरई, जगन्नाथपुरी, तिरूपति, द्वारकापुरा, सोमनाथ, वैष्णोदेवी, अमृतसर, प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा, वृंदावन, सम्मेद शिखर, पावापुरी, उज्जैन, ओंकारेश्वर, गंगासागर, कामाख्या, हरिद्वार, ऋषिकेश, बिहार, शरीफ, बेलनकानी चर्च तथा हवाई जहाज के जरिए पशुपतिनाथ, कांठमांडु की यात्रा करवाई जाएगी। यदि आवेदक व उसके जीवनसाथी की आयु 75 वर्ष से अधिक है तो उन्हें एक सहायक ले जाने हेतु आयुक्त देवस्थान विभाग द्वारा अनुमत किया जा सकेगा। जिला कलक्टर ने कहा की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था और सम्मान के प्रति प्रतिबद्ध है। इस योजना के माध्यम से वरिष्ठ जनों को न केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिलेगा बल्कि यह यात्रा उन्हें आध्यात्मिक ऊर्जा और मानसिक शांति भी प्रदान करेगी। उन्होंने सभी चयनित आवेदकों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, संयुक्त निदेशक डीओआईटी बलभद्र सिंह, सहायक आयुक्त देवस्थान विभाग मुकेश कुमार मीणा सहित अन्य मौजूद रहे।