Looks like you've blocked notifications!

बम का खोल मिलने से बढ़ाई अटारी व अमृतसर रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा

अमृतसर। लाहौर-अमृतसर रेलवे ट्रैक पर बम मिलने के बाद अब अटारी व अमृतसर रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस ट्रैक पर बम का खोल मिलने के बाद पुलिस सर्तक हो गई है। इसी के चलते अन्तरराष्ट्रीय रेलवे स्टेशन होने के नाते सुरक्षाकर्मी अब बीच के दो रेलवे स्टेशनों छेहरटा की निगहबानी कर रहे हैं। पुलिस कमिश्नर जे नागेश्वर राव के पास वीरवार की रात सूचना आई कि अमृतसर-लाहौर रेलवे ट्रैक पर बम देखा गया है। उन्होंने तुरंत डीसीपी की अगुवाई में बम स्क्वायड टीम मौके पर भेजी। करीब आधे घंटे की छानबीन के बाद टीम ने बताया कि यहां बम का खाली खोल ही है। मौके पर पहुंचे डीसीपी अमरजीत सिंह बाजवा ने बताया कि पहले भी खाली बम के 11 खोल आस-पास इलाकों में मिले हैं। भारत-पाक जंग के दौरान छेहरटा रेलवे स्टेशन के आस-पास कई बम गिरे थे। इस दौरान राकेट लॉचर का इस्तेमाल होता रहा है। कहीं न कहीं पुराने अवशेष मिल ही जाते हैं। इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि जो बम का खोल मिला है वह पुराना है जोकि जंग लगा हुआ है। जीआरपी थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया अटारी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। वहीं खासा व छेहरटा में भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।
Share this article