Looks like you've blocked notifications!

कृषि विज्ञान केन्द्रों की समीक्षा कार्यशाला का दूसरा दिन: तकनीकी एकीकरण पर एकमत

उदयपुर। किसानों की उत्पादकता और आय बढ़ाने के लिए तकनीकी एकीकरण पर देशभर के कृषि वैज्ञानिकों ने सहमति जताई। महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन राज्यों – राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली – के 67 कृषि विज्ञान केन्द्रों की वार्षिक समीक्षा बैठक के तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों ने तिलहन-दलहन उत्पादन, बीजीय मसालों, बागवानी, उद्यानिकी और पशुधन में प्रगति के लिए गहन विचार मंथन (ब्रेन स्टॉर्मिंग) किया।कार्यशाला का आयोजन प्रसार शिक्षा निदेशालय में हुआ, और इसे आईसीएआर-कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग अनुसंधान संस्थान, जोधपुर (अटारी जोन-2) ने प्रायोजित किया। वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री की अन्न-धन योजना और वर्ष 2047 में विकसित भारत के सपनों को साकार करने के लिए तिलहन-दलहन में आत्मनिर्भरता का संकल्प लिया। साथ ही, उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब किसान भी समृद्ध होगा।दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर समूह चर्चा में डॉ. विजय वीर सिंह (भरतपुर), डॉ. सुधीर कुमार (बीकानेर), डॉ. अरविन्द वर्मा, डॉ. एस.आर. मालू, डॉ. एस.के. इंटोदिया और डॉ. वीरेन्द्र नेपालिया ने भाग लिया। बीजीय मसाला, बागवानी और उद्यानिकी पर चर्चा में डॉ. आर.ए. कौशिक और डॉ. एस.एस. लखावत ने योगदान दिया। पशुधन और जलीय कृषि विषयक समूह चर्चा में डॉ. धीर सिंह, डॉ. लोकेश गुप्ता, डॉ. जी.जी. सोनवाने और डॉ. सुभाष चन्द्र कच्छावा ने अपनी प्रस्तुति दी।किसानों की आय बढ़ाने पर चर्चा में आईसीएआर, नई दिल्ली के एडीजी कृषि विस्तार डॉ. आर.के. सिंह, डॉ. पी.के. चक्रवर्ती और डॉ. बी.एल. जांगिड़ ने भाग लिया। इसके अलावा, आईसीएआर संस्थाओं और कृषि उद्योगों के निदेशकों ने भी अपने सुझाव और प्रस्तुतियां दी।कार्यशाला के दौरान, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के केवीके अध्यक्ष व वरिष्ठ वैज्ञानिक सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रबुद्ध वैज्ञानिकों की तीन टीमें अलग-अलग समूहों में विभाजित होकर चर्चा आयोजित कर नवाचारों और तकनीकी प्रगति पर विचार-विमर्श किया। सहभागी कृषि वैज्ञानिकों ने एमपीयूएटी के जैविक व प्राकृतिक केन्द्र और कॉलेज ऑफ डेयरी टेक्नॉलाजी का दौरा भी किया और वहां के नवाचारों से परिचित हुए।
Share this article