हाजीपुर। बिहार में वैशाली जिले के हाजीपुर मंडलकारा (जेल) के एक कक्षपाल की जेल के समीप ही अपराधियों ने सोमवार को गोली मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, वैशाली जिले के लालपोखर गांव निवासी दीप नारायण राय (52 वर्ष) सुबह अपने गांव से जेल में ड्यूटी पर आ रहे थे, तभी जेल के समीप ही अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक हाजीपुर जेल में कक्षपाल के रूप में तैनात थे। अपराधियों की संख्या तीन से चार बताई जा रही है। राय भारतीय सेना से अवकाश प्राप्त हुए थे और बिहार पुलिस में स्पेशल ऑग्जिलरी पुलिस (सैप) जवान के रूप में सेवा दे रहे थे। वैशाली जिले के सहायक पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने बताया कि हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। --आईएएनएस