Looks like you've blocked notifications!

रीको की प्रत्यक्ष आवंटन योजना को मिला जबरदस्त रिस्पांस: दूसरे चरण में 464 आवेदन, 5 जून को ई-लॉटरी

जयपुर। राजस्थान में निवेश को बढ़ावा देने और उद्योगों को गति देने के लिए राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई प्रत्यक्ष आवंटन योजना-2025 को निवेशकों का अभूतपूर्व उत्साह मिल रहा है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 में हुए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) को जमीन पर उतारने के लिए रीको (RIICO) द्वारा चलाई जा रही इस योजना के दूसरे चरण में भी निवेशकों ने जबरदस्त रुचि दिखाई है, जिसके तहत 464 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। रीको द्वारा मार्च-2025 में प्रारंभ की गई इस योजना के प्रथम चरण में मिले भारी प्रोत्साहन के बाद, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'राइजिंग राजस्थान इंपैक्ट 1.0' कार्यक्रम में इस योजना के समय विस्तार की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री ने कहा था कि जो निवेशक 30 अप्रैल 2025 तक राज्य सरकार के साथ एमओयू निष्पादित करेंगे, वे भी इस योजना में भूखंड आवंटन हेतु पात्र होंगे। इस घोषणा ने निवेशकों के बीच और अधिक विश्वास पैदा किया है। बड़ी संख्या में भूखंड उपलब्धः एमओयू करने वाले उद्यमियों की बढ़ती रुचि को देखते हुए, रीको ने इस योजना के द्वितीय चरण में 98 विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में करीब 7100 भूखंड आवंटन के लिए उपलब्ध कराए हैं। इन भूखंडों में विभिन्न श्रेणियों और वर्गों के लिए भी आरक्षण रखा गया है:- अनुसूचित जाति/जनजाति: 253 भूखंड महिला वर्ग: 224 भूखंड भूतपूर्व सैनिक: 118 भूखंड बेंचमार्क दिव्यांगता: 151 भूखंड सशस्त्र बलों/अर्ध सैनिक बलों के मृतक आश्रित: 62 भूखंड अनारक्षित: लगभग 6300 भूखंड निवेशकों का सरकार की नीतियों पर भरोसाः योजना के द्वितीय चरण के लिए 15 मई 2025 से 28 मई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे, और अंतिम तिथि तक रीको को 464 आवेदन प्राप्त हुए हैं। औद्योगिक भूखंडों के लिए इतनी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होना यह दर्शाता है कि निवेशकों का राज्य सरकार की नीतियों और औद्योगिक विकास के प्रति पूर्ण भरोसा है। त्वरित आवंटन प्रक्रियाः प्रमुख शासन सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग एवं रीको चेयरमैन अजिताभ शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार एमओयू को धरातल पर लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, मुख्य सचिव सुधांश पंत और उनके स्तर पर एमओयू की लगातार निगरानी की जा रही है। रीको प्रबंध निदेशक शिवांगी स्वर्णकार ने बताया कि जिन भूखंडों पर एक ही आवेदन आया है, उन्हें सीधे ऑफर लेटर जारी कर दिया जाएगा। वहीं, जिन भूखंडों पर एक से अधिक आवेदन आए हैं, उनकी ई-लॉटरी 5 जून, 2025 को निकाली जाएगी। इसके तुरंत बाद, निवेशकों को तीन दिन में ही ऑफर लेटर जारी कर दिए जाएंगे, जिससे वे अपनी औद्योगिक इकाई अतिशीघ्र प्रारंभ कर सकें। प्रत्यक्ष आवंटन योजना के प्रथम चरण के अंतर्गत निवेशकों को पहले ही 88 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। गैर-औद्योगिक भूखंडों के लिए भी अवसरः रीको ने उन उद्यमियों के लिए भी अवसर प्रदान किए हैं जो राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में एमओयू के तहत गैर-औद्योगिक इकाइयां स्थापित करना चाहते हैं। ऐसे उद्यमियों के लिए रीको ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 379 भूखंड सरल ई-नीलामी के माध्यम से उपलब्ध कराए हैं। इन भूखंडों पर अस्पताल, नर्सिंग होम, आवासीय/ग्रुप हाउसिंग, वे ब्रिज, होटल, पेट्रोल पंप, सीएनजी स्टेशन, स्कूल आदि स्थापित किए जा सकेंगे। गैर-औद्योगिक भूखंडों की सरल ई-नीलामी में भाग लेने के लिए उद्यमियों को रीको की वेबसाइट (riico.rajasthan.gov.in या riicoerp.industries.rajasthan.gov.in/eauction) के माध्यम से 9/10 जून 2025 तक ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह पहल राजस्थान को एक व्यापक निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी।
Share this article