हनुमानगढ़। जिला कलेक्टर काना राम की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व अधिकरियों की बैठक हुई। राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों का पूर्ण पारदर्शिता से निस्तारण कर आमजन को न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए। राजस्व के पुराने लम्बित प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करें, ताकि लोगों को राहत मिले। जिला कलेक्टर ने कहा कि राजस्व संबंधी प्रकरणों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव गंभीर है। उच्च स्तर पर लगातार समीक्षा कर निगरानी रखी जा रही हैं। ऐसे में एक निश्चित समयावधि में निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला, ब्लाॅक, ग्राम पंचायत स्तरीय और नियमित जनसुनवाई, रात्रि चौपाल, राजस्थान सम्पर्क और अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रकरणों को शीघ्र निस्तारित करें। इसमें परिवादी से बात कर संतुष्टि जानते हुए ही प्रकरण बंद किए जाए। काना राम ने राष्ट्रीय राजमार्ग 54 हनुमानगढ़ से कैंचिया के लिए भूमि अवाप्ति कार्य, प्राथमिक डिक्री, आर.टी. एक्ट, नामान्तरकरण, तलबी, गिरदावरी प्रगति, शिकायत मामलों, भूमि अवाप्ति, फसल कटाई प्रयोग, जनसुनवाई प्रकरण सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा की। उन्होंने फसल कटाई के साथ सीमाज्ञान और पत्थरगढ़ी के लम्बित प्रकरणों को निस्तारित कराने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि एसडीएम अपने क्षेत्रों के आगामी मेलों में कानून और सफाई व्यवस्था की तैयारियों पहले ही सुनिश्चित करें। सड़क विकास कार्यों का मौका निरीक्षण किया जाकर गुणवत्ता की जांच हो। झूलते तारों, टूटे-टेड़े पोल को ठीक कराए। आवारा पशुओं से संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गौशाला में छुड़वाए। जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा भी करें।नशा मुक्त अभियान सर्वोच्च प्राथमिकताकाना राम ने कहा कि नशा मुक्त मानस अभियान को लेकर जिले में जागरुकता गतिविधियां की जा रही हैं। एसडीएम अपने क्षेत्र में नशा रोकथाम में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करें। नशा सामग्री की सप्लाई तोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाए। औचक निरीक्षण निरंतर करें। नशा छोड़ने के लिए विभिन्न माध्यमों से लोगों को प्रेरित करें। युवाओं को ई-शपथ दिलाए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना सहित सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और राजस्व से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।