रायपुर। ट्रेन क्रमांक 18255 बिलासपुर-नागपुर इंटरसिटी रायपुर स्टेशन पर ठीक समय पर आ चुकी थी, लेकिन अपने निर्धारित समय से 25 मिनट विलंब से रवाना हुई। एसी बोगी में सफर कर रहे एक यात्री ने पानी नहीं होने के कारण ट्रेन को आगे नहीं बढने दिया। जैसे ही ट्रेन चलने लगती वो चेनपुलिंग कर देता, यह माजरा 10 मिनट में तीन बार हुआ। आनन-फानन में रेलवे मास्टर, टीटीआई, आरपीएफ के सिपाही बोगी में पहुंचे और उस व्यक्ति द्वारा चेनपुलिंग करने के कारण की जानकारी ली। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अंतत:ट्रेन अपने गंतव्य की ओर रवाना हुई। घटना के वक्त वीएनएस संवाददाता मौके पर ही मौजूद था। उसने सारी घटना और यात्रियों से चेन पुलिंग और हंगामा को लेकर बातचीत भी की। तब पता चला कि यात्री समीर (50 वर्ष) रायपुर स्टेशन से नागपुर जाने के लिए ट्रेन पर सवार हुए। एसी बोगी ए-1 के सीट संख्या 13 में सफर कर समीर ने ट्रेन में चढ़ते ही वॉश बेसिन का उपयोग करना चाहा, लेकिन पानी नहीं आता देख वह भडक़ गया। तब तक ट्रेन रवाना हो चुकी थी। अचानक उन्होंने चेनपुलिंग की। बोगी के अटेंडर ने उनसे कारण पूछा तो उन्होंने पानी नहीं आने की शिकायत की।