मॉस्को। रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के चौथे कार्यकाल की शुरुआत से पहले शनिवार को विपक्षी नेताओं और सरकार विरोधी सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किए। इस दौरान पुलिस ने विपक्षी नेता अलेक्साइ नेवेलनी और सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुतिन सोमवार को नए कार्यकाल के लिए पदभार संभालेंगे।मार्च में वह भारी बहुमत से फिर राष्ट्रपति चुने गए थे। नेवेलनी ने रूस के करीब 90 शहरों में विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। वह पुतिन को तानाशाह जार (रूस का राजा) बताते हैं। नेवेलनी को प्रदर्शन स्थल मॉस्को के सेंट्रल पुश्किन्सक्या स्क्वायर पहुंचने के तुरंत बाद पकड़ कर वैन में ले जाया गया।