पुणे। भीमा कोरेगांव की लड़ाई की 200वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रम के बाद भडक़ी हिंसा के विरोध में बुधवार को बुलाए गए महाराष्ट्र बंद को वापस ले लिया गया है। भारिप बहुजन महासंघ नेता और बी आर अंबेडकर के पोते प्रकाश अंबेडकर ने बुधवार शाम बंद को वापस लेने का ऐलान किया। प्रकाश अंबेडकर ने राज्य सरकार पर दो दिन पहले पुणे जिले के भीमा कोरेगांव गांव में हिंसा रोकने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए बंद का आह्वान किया था। वहीं, गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) दीपक केसरकर का कहना है कि दलित समाज से किसी की जान नहीं गई है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक संदेश फैलाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को इस सबसे सतर्क रहने की सलाह दी। केसरकर ने बताया कि महाराष्ट्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है। आपको बता दें भीमा कोरेगांव युद्ध की 200वीं वर्षगांठ के दौरान 1 जनवरी को पुणे में दलित समूहों और दक्षिणपंथी हिन्दू संगठनों के बीच संघर्ष हो गया था। भीमा-कोरेगांव युद्ध के शौर्य दिवस के आयोजन को लेकर हुई हिंसा में एक व्यक्ति की खबर के बाद जातीय हिंसा की यह आग मंगलवार को मुंबई सहित महाराष्ट्र के 18 जिलों में फैल गई थी। वहीं, महाराष्ट्र बंद ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। इस वजह से मुंबई में रेल और सडक़ यातायात प्रभावित हुए। प्रदर्शनकारियों ने सिटी बसों पर हमला किया, उपनगरीय लोकल सेवाओं को रोक दिया और शहर में विभिन्न स्थानों पर सडक़ों को अवरूद्ध कर दिया।