नई दिल्ली। सरकार द्वारा आरटीआई एक्ट के नियमों में बदलाव के प्रस्ताव पर
कांग्रेस ने विरोध जताया है। कांग्रेस ने इन नए प्रस्तावित नियमों पर सवाल
उठाते हुए केंद्र सरकार की नीयत पर संदेह जाहिर किया है। पार्टी के वरिष्ठ
नेता अहमद पटेल ने सोमवार को एक ट्वीट के जरिए पूछा,आरटीआई के नियमों में
बदलाव के पीछे सरकार की मंशा क्या है, जनता को जानकारी देना या उसे डराना!
गौरतलब है कि सरकार ने सूचना के अधिकार के तहत दायर आवेदनों, उससे जुडी
शिकायतों एवं अपीलों पर विचार करने के लिए नये नियमों का प्रस्ताव रखा है
और जनता से 15 अप्रैल तक उनपर सुझाव देने को कहा है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण
विभाग ने जनता से प्रतिक्रिया मांगने के लिए अपनी वेबसाइट पर प्रस्तावित
नियम डाले हैं जिन्हें 2012 के आरटीआई नियमों की जगह लाने का लक्ष्य है।
आरटीआई कार्यकर्ता कमोडोर (सेवानिवृत्त) लोकेश बत्रा ने कहा, दिया गया समय
बहुत कम है। इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रेस विज्ञपि्त भी जारी नहीं की
गई। लोगों को कैसे पता चलेगा कि उनकी राय मांगने के लिए इस तरह की कोई चीज
वेबसाइट पर डाली गई है।