गौशाला अनुदान, सड़क दुर्घटनाएं, गोवंश भरण-पोषण, स्ट्रे कैटल फ्री जोन पर रहा फोकसदुर्घटनाओं को रोकने एवं सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निराश्रित गोवंश को गौशालाओं तक पहुंचाएं- जिला कलक्टरकोटपूतली-बहरोड़। जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश को गौशालाओं एवं नंदी शालाओं में स्थानांतरित करने एवं अन्य समस्याओं और उनके समाधान के संबंध में जिले की गौशालाओं के प्रतिनिधियों और अधिकारियों की बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए.जिला कलेक्टर ने निराश्रित गौवंश से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए कहा कि नगरों वन ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों, राष्ट्रीय एवं स्टेट हाईवे, बाजारों व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर गोवंश के खुले में विचरण करने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती जा रही है. आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं जिनमे जान- माल की हानि होती है, यह ना केवल मानवीय जीवन की सुरक्षा के लिए चुनौती है, बल्कि पशु कल्याण की दृष्टि से भी अत्यंत गंभीर विषय है. उन्होंने कहा कि एनएचएआई एवं नगर परिषद व नगर पालिका अधिकारी इसे गंभीरता लें एवं टेंडर करते हुए सड़कों एवं सार्वजनिक स्थानों से गोवंश को सुरक्षित रूप से टैगिंग करते हुए नजदीकी गौशालाओं तक पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि गौसंरक्षण एवं संवर्धन निधि अधिनियम के अन्तर्गत जारी दिशा निर्देशो के अनुसार राजकीय सहायता प्राप्त गौशालाओं द्वारा निराश्रित पशुधन को उसकी कुल क्षमता का कम से कम 10 प्रतिशत तक अनिवार्य रूप से स्वीकार करना होगा. यदि किसी गौशाला द्वारा निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश को लेने से इंकार किया जाता है तो पशुपालन अधिकारी आवश्यक कार्यवाही करते हुए इसकी सूचना जिला स्तरीय गोपालन समिति को भिजवाएं. उन्होंने कहा कि नगर परिषद, एनएचएआई, पशुपालन विभाग एवं संवेदक व गौशाला संचालक आपसी समन्वय से इस कार्य को पूर्ण करें, अधिकारी समय-समय पर गौशालाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच करें. गौशालाओं की अपडेटेड सूची तैयार कर क्षमता अनुसार गोवंश को स्थानांतरित कर गौशालाओं में आवासित करने की योजना बनाई जाएं.जिला कलेक्टर ने कहा कि गौशालाओं एवं निजी स्वामित्व वाले गोवंश सड़कों, सार्वजनिक स्थलों पर पाए जाने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए एवं निर्धारित जुर्माना वसूला जाए. नगरीय क्षेत्र को निराश्रित गोवंश मुक्त क्षेत्र बनाया जाए. उन्होंने नगर परिषद को निर्देशित किया कि कचरा निस्तारण व्यवस्था को सुदृढ़ करें ताकि निराश्रित गोवंश भोजन की तलाश में इन स्थानों पर विचरण नहीं करें. उन्होंने निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं संबंधित विभाग राजमार्गों के किनारों पर पशुओं के आवागमन को रोकने हेतु अवरोधक लगाएं, संभावित विचरण वाले स्थानों को चिन्हित कर सड़कों पर चेतावनी बोर्ड लगाएं, राजमार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग करते हुए कैटल कैचर वाहन लगवाएं, विशेष कार्य योजना बनाकर कार्य करें एवं घायल पशुओं के इलाज हेतु व्यवस्था सुनिश्चित करें. रोगग्रस्त या दुर्घटनाग्रस्त गोवंश को तत्काल चिकित्सकीय सुविधा एवं समुचित दवाइयां और फीड सप्लीमेंट उपलब्ध करवाया जाए. अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने कहा कि पंचायती राज विभाग स्थानीय समितियां गठित कर गोवंश की निगरानी और नियोजन सुनिश्चित करें और ग्राम पंचायत स्तर पर गौ-आश्रय स्थल खोलने हेतु पात्र संस्थानों को प्रेरित करें. उन्होंने क्षेत्र में गौ संरक्षण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने व गौ संरक्षण के संदर्भ में सरकार द्वारा चलाई जा रही अनुदान संबंधी व अन्य योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए .पशुपालन अधिकारी कैलाश शर्मा ने बताया कि जिले में कुल 60 गौशालाएं (57 क्रियाशील) एवं 1 नंदी शाला संचालित हैं, जिनमें नियमानुसार 46 गौशालाओं को भौतिक सत्यापन के आधार पर सरकार द्वारा अनुदान दिया जाता है, उन्होंने बताया कि गौशाला में स्थानांतरित निराश्रित गोवंश के भरण- पोषण हेतु राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर बड़े एवं छोटे गौवंश हेतु निर्धारित अवधि के लिए प्रतिदिन क्रमशः राशि 50 तथा 25 रुपए सहायता राशि के रूप में देय है.इस दौरान नगर परिषद आयुक्त नूर मोहम्मद, नगर पालिका पावटा ईओ फतेह सिंह मीणा, नीमराना ईओ राहुल आग्रवाल, बानसूर ईओ विशाल सहित संबंधित अधिकारी एवं गौशाला प्रतिनिधि उपस्थित रहे.