Looks like you've blocked notifications!

प्रियंका गांधी का भाजपा पर हमला, देश में 12 हजार किसानों ने खुदकशी की

सिद्धार्थनगर। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों की मांगों को नजरअंदाज किया है। पिछले पांच सालों से किसान बेहाल हैं, किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिल रहा और देश में 12 हजार किसानों ने खुदकशी की है। यह बात कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।कांग्रेस महासचिव गांधी ने कहा कि कांग्रेस किसानों, गरीबों और युवाओं के हक में काम कर रही है। कांग्रेस की सरकार बनते ही राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मात्र तीन दिन में किसानों के कर्ज माफ होने शुरू हो गए थे। प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की सरकार में 5 करोड़ रोजगार कम हुए हैं, गत पांच साल में युवाओं को रोजगार नहीं मिला,15 लाख रोजगार भाजपा का चुनावी जुमला है। केंद्र में कांग्रेस की सरकार आएगी तो गरीबों का भविष्य चमकेगा।प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि जब नीयत सही होती है तो सब काम हो जाते हैं, और जब नीयत ही खराब होती है तो मंचों पर बड़े-बड़े भाषण दिए जाते हैं। अहंकारी लोग बड़ी-बड़ी बातें करके भूल जाते हैं। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के पास दुनिया घूमने का समय है, लेकिन गरीबों के घर जाने का और उनसे मिलने का समय नहीं है। पाकिस्तान में बिरयानी खाकर और जापान में ढोल बजाकर आए लेकिन देश के गावों का हाल जानने नहीं गए। केंद्र ने जनता को गलत नीतियों से प्रताड़ित किया है।
Share this article