नीमराना। अलवर सांसद एवं केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव के आगामी सांसद संपर्क संवाद कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता, प्रथम जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान पंचायत समिति नीमराना बलवान सिंह यादव ने बिचपुरी, माजरी, दोसोद एवं रोडवाल ग्राम पंचायतों का दौरा कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।भाजपा नेता बलवान यादव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा अपने संसदीय क्षेत्र में 12 अप्रैल से शुरू किए गए सांसद संपर्क संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य है कि सांसद सीधे गांव-गांव पहुंचकर आमजन से संवाद करें, उनकी समस्याएं सुनें और यथासंभव समाधान की दिशा में कदम उठाएं। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार आयोजित हो रहा है, जिससे लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी।4 मई को नीमराना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में प्रस्तावित इस कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। तैयारियों के निरीक्षण के दौरान माजरी मंडल अध्यक्ष अश्वनी टाइगर, बिचपुरी सरपंच नरसिंह यादव, दोसोद सरपंच नवरत्न सिंह, माजरी सरपंच हरदीप सिंह, जिला पार्षद मनोज यादव, युवा मोर्चा के नीरज कुमार सहित गांव के अनेक गणमान्य नागरिक एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।पूर्व प्रधान बलवान यादव ने कहा कि यह संवाद कार्यक्रम न केवल जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच सेतु का कार्य करेगा, बल्कि आम लोगों को शासन की योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की जानकारी भी सीधे तौर पर मिलेगी।