जयपुर। परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने विधानसभा में कहा
कि देश के सभी नागरिकों को संविधान के मूल कर्तव्यों का पालन करना चाहिए
तथा संविधान की मूल भावना के अनुसार जाति-धर्म से ऊपर उठकर प्रेम व भाईचारे
के साथ रहना चाहिए। खाचरियावास गुरूवार को
विधान सभा में भारतीय संविधान को अंगीकृत करने के 70 वर्ष पूर्ण होने के
उपलक्ष में भारत के संविधान तथा मूल कर्तव्यों पर हुई चर्चा के दौरान बोल
रहे थे। उन्होंने कहा कि संविधान बनने के 70 साल बाद हमें यह संकल्प लेना
आवश्यक हो गया है कि संविधान के दस्तावेज तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के
सिद्धान्तों का अक्षरक्षः पालन हो। उन्होंने
कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है। केसरिया रंग शौर्य
को दर्शाता है, सफेद रंग अमन व शांति दिखाता है तथा हरा रंग हरियाली व
विकास का प्रतीक है। साथ ही अशोक चक्र बताता है कि सभी की सोच एक जैसी हो
तथा हमारा देश इसी चक्र की तरह प्रगति के पथ पर दौड़े। उन्होंने कहा कि
हमारा सबसे बड़ा धर्म तिरंगा है। संविधान हमें सिखाता है कि धर्म, जाति से
ऊपर उठकर बिना भेदभाव के काम करना चाहिए। उन्होंने
कहा कि शिक्षा का अधिकार, सूचना का अधिकार, खाद्य सुरक्षा कानून जैसे
अधिनियमों से संविधान को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा
एजेंसियां इस देश में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा का काम करती है। किसी के
भी द्वारा इन संस्थाओं का गलत प्रयोग नहीं होना चाहिए जिससे कार्यपालिका का
काम प्रभावित हो। इससे पहले विधायक संयम
लोढ़ा ने संविधान तथा मूल कर्तव्यों पर हुई चर्चा के दौरान कहा कि हमारा
कर्तव्य है कि हम संविधान की रक्षा करें तथा इस संविधान की परिकल्पना भी उन
लोगों ने की थी जिन्होंने देश की स्वतंत्रता में अपनी शहादत दी थी।
उन्होंने कहा कि संविधान में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, महिला
सहित सभी वगोर्ं के हितों का ध्यान रखा गया है।