जयपुर। श्राद्ध पक्ष और चंद्रग्रहण के उपलक्ष्य में, जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देवजी मंदिर प्रांगण में रविवार को पंचकुंडीय पितृ तृप्ति गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस महायज्ञ में लगभग 200 श्रद्धालुओं ने अपने दिवंगत पूर्वजों की आत्मा की शांति और तृप्ति के लिए हवन किया।
यज्ञ का आयोजन मन्माध्व गौड़ेश्वराचार्य महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सान्निध्य में तीन पारियों में हुआ।श्रद्धालुओं ने काले तिल, जौ, चावल और घी की आहुतियां देकर अपने पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। यज्ञ से पहले, मंदिर के सेवाधिकारी मानस गोस्वामी ने ठाकुर श्री गोविंद देवजी, वेदमाता गायत्री और गुरुसत्ता का पूजन किया। गायत्री शक्ति पीठ ब्रह्मपुरी के आचार्य डॉ. अजय भारद्वाज ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पितर हमारे अदृश्य सहायक होते हैं। उन्होंने बताया कि पितरों को केवल कर्मकांड से नहीं, बल्कि अपने अच्छे व्यवहार, सदाचार और सेवा कार्यों से भी तृप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों की आज्ञा मानना, उनकी सेवा करना और वंश की श्रेष्ठ परंपराओं को आगे बढ़ाना ही सच्चा पितृ तर्पण है।
यज्ञ में भारतीय श्रद्धालुओं के साथ एक विदेशी दंपति ने भी भाग लिया, जिन्होंने भारतीय संस्कृति के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा दिखाई।
इस अवसर पर, श्रद्धालुओं ने कई महत्वपूर्ण संकल्प भी लिए, जैसे 'जूठन नहीं छोड़ना', 'एक पेड़ अवश्य लगाना' और 'मोबाइल का अत्यधिक उपयोग न करना'।उन्होंने गायत्री मंत्र का जाप और सूर्य को अर्घ्य देने का भी प्रण लिया।
मंदिर प्रशासन की ओर से सभी को निशुल्क यज्ञ सामग्री, ठाकुर श्री गोविंद देवजी का चित्र और प्रसाद भेंट किया गया। गायत्री चेतना केंद्र ने सत्साहित्य की प्रदर्शनी भी लगाई। अगला पितृ पुष्टि पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ रविवार, 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से 10 बजे तक निशुल्क आयोजित किया जाएगा।