जोधपुर। जोधपुर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है। भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर पसरी लापरवाही और अंधेरगर्दी का नंगा सच सामने आने के बाद अब अवैध ढाबों पर एक्शन तेज हो गया है। खास खबर डॉट कॉम की टीम जब मौके पर पहुंची, तो जो दृश्य सामने आया उसने एक्सप्रेस-वे पर चल रहे प्रबंधन की पोल खोलकर रख दी।दुर्घटनाओं का ‘हाईवे ऑफ हॉरर’ : एक्सप्रेस-वे पर मौतें थम नहीं रहींअमृतसर से जामनगर तक फैले इस हाई-टेक नेशनल हाइवे पर पिछले दो साल में दुर्घटनाओं का सिलसिला नहीं थमा है। रविवार देर शाम मतोड़ा के पास हुए दिल दहला देने वाले हादसे में 15 लोगों की मौत ने पूरे सिस्टम को झकझोरकर रख दिया है।भारतमाला एक्सप्रेस-वे को देश के सबसे आधुनिक रास्तों में गिना जाना था, लेकिन जिस तेज़ी से यहां सुविधाएं विकसित होनी थीं, वह सिर्फ कागजों में ही आगे बढ़ती दिखीं। जमीन पर स्थितियां बिल्कुल उलट, बल्कि खतरनाक हैं।अवैध ढाबों का साम्राज्य : एक्सप्रेस-वे के किनारे ‘मौत के स्टॉल’सुविधाएं विकसित नहीं हुईं—इस खालीपन को भरने के लिए स्थानीय लोगों ने एक्सप्रेस-वे के पास खेतों में धड़ल्ले से अवैध ढाबे, ठेले और डीजल की अवैध बिक्री तक शुरू कर दी। चाय, खाना, सिगरेट से लेकर अवैध ईंधन—सब कुछ खुलेआम बिक रहा है।सबसे खतरनाक बात— ट्रक चालक इन ढाबों पर रुकने के लिए हाईवे पर ही अपनी लेन में वाहन खड़ा कर देते हैं। नतीजा—पीछे से आने वाले वाहनों को अचानक खड़ी गाड़ियों से भिड़ने का खतरा बढ़ जाता है।रविवार की दुर्घटना भी इसी लापरवाही का नतीजा थी। टेंपो ट्रैवलर चालक ने जैसे ही ओवरटेक किया, सामने एक ट्रोला लेन में ही खड़ा मिला। टेंपो सीधे उसमें जा घुसा—और 15 जिंदगियां हमेशा के लिए खत्म हो गईं।खास खबर डॉट कॉम की ग्राउंड रिपोर्ट : हर 3–4 किलोमीटर पर अवैध ढाबों की कतारसोमवार सुबह जब खास खबर भारत की टीम ने करीब 50 किलोमीटर का सर्वे किया, तो सच किसी प्रशासनिक शर्म से कम नहीं था— ➡ हर तीन से चार किलोमीटर पर अवैध ढाबों की लाइन लगी हुई थी।➡ शाम होते ही इन ढाबों पर ट्रकों की लंबी कतारें हाईवे पर ही खड़ी हो जाती हैं।➡ कई जगहों पर तो ढाबे सड़क से चंद कदम की दूरी पर बने हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।एसपी का दौरा, ढाबे बंद—लेकिन सवाल अभी भी बाकीफलोदी एसपी कुंदन कवरिया सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के बाद उन्होंने सभी अवैध ढाबों को बंद करवाने और हटाने के निर्देश जारी कर दिए। पीड़िता तारा देवी की तरफ से FIR भी दर्ज की गई है और हादसे के ड्राइवर को पुलिस ने दस्तयाब कर लिया है।लेकिन बड़ा सवाल यह है कि—क्या सिर्फ ढाबे बंद कर देने से हादसे रुक जाएंगे?प्रशासन दो साल से चल रहे अतिक्रमण को क्यों नहीं देख पाया? एक्सप्रेस-वे पर आवश्यक सुविधाएं अब कब तैयार होंगी?एक आधुनिक हाईवे, लेकिन प्रबंधन शून्यभारतमाला एक्सप्रेस-वे देश की महत्त्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक है, लेकिन जोधपुर का यह हादसा साफ बताता है कि बिना सुविधाओं वाला एक्सप्रेस-वे, मौत का एक्सप्रेस-वे साबित हो सकता है। जब तक ढाबों पर नकेल, पार्किंग सिस्टम और सेफ्टी मैनेजमेंट मजबूत नहीं होंगे— हादसों का यह सिलसिला नहीं थमेगा।