लाहौर। पाकिस्तानी अधिकारियों की मानें तो मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद को जान का खतरा है। इसके लिए पाक अधिकारियों ने पंजाब के गृह विभाग को पत्र लिखकर हाफिज की सुरक्षा बढ़ाने का अनुरोध किया है। अधिकारियों का दावा है कि एक विदेशी गुप्तचर एजेंसी ने हाफिज की हत्या की योजना बनाई है। राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक प्राधिकरण ने पत्र में कहा है कि एक विदेशी गुप्तचर एजेंसी ने सईद की हत्या के लिए एक प्रतिबंधित संगठन के दो सदस्यों को आठ करोड़ रुपये का भुगतान किया है। इसमें पंजाब के गृह विभाग से कहा गया है कि वह जमात उद दावा प्रमुख हाफिज सईद की पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करे। सईद आतंकवाद निरोधक कानून, 1997 के तहत 30 जनवरी से लाहौर में घर में नजरबंद है। गृह विभाग ने पिछले महीने उसकी नजरबंदी जनसुरक्षा कानून के तहत और 26 नवम्बर तक के लिए बढ़ा दी थी।