चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में वीरवार को सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले में शहीद हुए 42 जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और घायल हुए लगभग 50 जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने इस आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि पाकिस्तान ऐसे कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले करवा कर हमारे देश की शांति और अमनचैन को भंग करना चाहता है परंतु उसके इन नापाक इरादों को कामयाब नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सबसे पहले है और भारत की एकता और अखण्डता हमारे लिए सर्वोपरी है। आतंकवाद के खिलाफ भारत एक था, एक है और एक रहेगा, देश की रक्षा से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में आज पार्टी के सैंकड़ों कार्यकत्र्ताओं द्वारा पुलवामा में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए चंडीगढ़ के सैक्टर 17 में कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेसजनों में काफी आक्रोश देखने को मिला और वे सब मिलकर लगातार ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे थे। इस अवसर पर बोलते हुए डॉ. तंवर ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी सहित सारा विपक्ष आतंकवाद से निपटने के लिए सरकार के साथ खड़ा हैं और आतंकवाद को भारतवर्ष से उखाड़ फैंकने के लिए हम एकजुट हैं।