इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के प्रशासनिक
नियंत्रण से जुड़े इस्लामाबाद के कदम के खिलाफ भारत के विरोध को खारिज किया
है। गिलगित-बाल्टिस्तान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का हिस्सा है।
‘गिलगित-बाल्टिस्तान आदेश 2018’ को पाकिस्तान की कैबिनेट ने 21 मई को
मंजूरी दी और इस क्षेत्र की एसेंबली ने भी इसका समर्थन किया। पाकिस्तान के
प्रधानमंत्री खाकन अब्बासी ने गिलगित-बाल्टिस्तान के लिए एक सुधार पैकेज को
लागू करने की घोषणा की, जिस पर काफी शोरशराबा हुआ और स्थानीय विधानसभा में
नारेबाजी हुई। यह आदेश राष्ट्रपति से जनजातीय इलाकों में लोगों के
सशक्तीकरण की शक्तियों को समाप्त करता है।अब्बासी ने कहा कि आदेश
के तहत सभी शक्तियां गिलगित-बाल्टिस्तान के लोगों को स्थानांतरित कर दी गई
हैं, जो दूसरे प्रांतों के लोगों की तरह बिना किसी भेदभाव के समान अधिकारों
का आनंद लेंगे। पाकिस्तान के कई नागरिक अधिकार समूहों ने आदेश की निंदा की
है। भारत ने नई दिल्ली में पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त सैयद हैदर शाह को
रविवार को बुलाया और इस आदेश पर एक कड़ा विरोध दर्ज किया। भारत ने कहा कि
पाकिस्तान द्वारा क्षेत्र के किसी भी हिस्से को अपने ‘जबरन और अवैध कब्जे’
के तहत बदलने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए।