चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आपातकालीन सेवाओं की बैठक में अधिकारियों को समुचित निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी जय यादव, एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि किसी प्रकार की आपातकालीन स्थिति के दौरान अधिकारी तुरंत रिस्पॉन्स करें तथा अपनी टीम को मुस्तैद रखें। फील्ड स्तरीय टीम का समुचित प्रबंधन करें व आवश्यक संसाधनों की सुनिश्चितता की जाए।जिला कलक्टर मुख्य चिकित्सा अधिकारी से कहा कि सभी एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं तैयार रखें। कोई भी कर्मचारी, ड्राइवर छुट्टी पर नहीं रहे। बिना सक्षम स्तर की अनुमति के कोई भी कार्मिक मुख्यालय नहीं छोड़े।उन्होंने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, प्रिंट मीडिया और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने तथा अधिकृत जानकारी साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का अविश्वनीय संदेश या भ्रामक जानकारी, ऑडियो, वीडियो प्रसारित नहीं हो। आपत्तिजनक कंटेंट मिलने पर तत्काल इसकी सूचना संबंधित उपखंड अधिकारी एवं पुलिस उप अधीक्षक को दें।उन्होंने जिला रसद अधिकारी को निर्देश दिए कि वह जिले के समस्त राशन डीलर्स के पास उपलब्ध स्टॉक, एफसीआई के पास उपलब्ध स्टॉक आदि की पूरी सूचना तैयार करें। साथ ही स्टॉकिस्ट एवं व्यापार संघ से संपर्क कर राशन सामग्री की पूरी व्यवस्था रखें। साथ ही डेयरी विभाग से समन्वय कर दूध की उपलब्धता सुनिश्चित करें। यदि रिफ्यूजी कैंप, ट्रांसिट कैंप इत्यादि का प्रबंध करना पड़े तो रसद सामग्री की कमी नहीं हो। अवैध भंडारण पर भी अंकुश लगाएं।उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी से जिले में उपलब्ध वाहन, टैक्सी इत्यादि की सूची तैयार कर सभी वाहन मालिकों के मोबाइल नंबर की सूचना तैयार रखने हेतु निर्देशित किया। जिले में संचालित डंपर, ट्रैक्टर, ट्रॉली हाइड्रो जेसीबी इत्यादि की भी सूचना संकलित किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से धन्नासर एवं तारानगर से पेयजल आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार किए जाने का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।सुराणा ने सभी नगर पालिका, नगर परिषद में अग्निशमन यंत्र तैयार रखने, कंट्रोल रूम के कॉर्डिनेशन में रहने एवं तत्काल मूवमेंट की स्थिति में सभी संसाधन सुनिश्चित करने, भारत संचार निगम लिमिटेड को जिले में संचालित सभी पब्लिक एड्रेस सिस्टम की सूची तैयार रखने, जिले में टेंपो या ऑटो या अन्य किसी माध्यम से लाउडस्पीकर एवं मुनादी इत्यादि का कार्य करने वाले सभी संसाधनों की सूची तैयार कर सभी को अलर्ट मोड में रखने, जिले में सभी एनसीसी, एनएसएस तथा स्काउट वॉलिंटियर की तहसीलवार सूचना मोबाइल नंबर सहित सभी उपखंड अधिकारियों के पास तथा कंट्रोल रूम में उपलब्ध रखने एवं सभी स्वयंसेवकों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद रहने, जिला, ब्लॉक स्तर व गांव स्तर के सभी कार्यालयों में प्राथमिक उपचार किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने, सभी कार्यालय में पानी की टंकी के साथ एक प्लास्टिक की लंबी पाइप आवश्यक रूप से रखने, सभी कार्यालयों में अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित करने, जिले में कार्यरत सभी कार्मिकों का ब्लड ग्रुप आधार नंबर तथा मोबाइल नंबर की सूचना तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करवाने, जिले के सभी पुलिस कार्मिक, होमगार्ड, एनसीसी स्काउट इत्यादि वॉलिंटियर्स को प्राथमिक उपचार करने, सीपीआर देने इत्यादि की ट्रेनिंग देने सहित आपातकालीन सेवाओं को लेकर निर्देश दिए।एसपी जय यादव ने कहा कि भ्रामक जानकारी से बचें तथा संवेदनशील कंटेंट मिलने पर जानकारी दें। सभी विभागों में समुचित समन्वय रहे।उन्होंने कहा कि बुधवार को आयोजित ब्लैकआउट मॉक ड्रिल के दौरान शाइनिंग बोर्ड और पेट्रोल पंप की लाइट चालू पाई गई, आपातकालीन परिस्थितियों में हम ऐसी गलतियों से बचें। हम सभी जिम्मेदारी से सभी निर्देशों का पालन करें।सीईओ श्वेता कोचर ने कहा कि विस्थापन की स्थिति के लिए स्कूल, धर्मशालाएं इत्यादि का चिन्हीकरण किया जाए तथा बेसमेंट या बंकर की भी संख्या को चिन्हित किया जाए जिले में संचालित टेंट हाउस की एक सूची तैयार हो एवं उन्हें आवश्यकता अनुसार टेंट लगाने, कैंप बनाने इत्यादि के लिए काम लिया जा सके।