चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशानुसार जिलेभर में शुक्रवार को ग्राम पंचायत स्तरीय जन सुनवाई का आयोजन किया गया।इसी सिलसिले में ग्राम पंचायत दूधवाखारा में आयोजित जन सुनवाई में पहुंची जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए त्रि-स्तरीय जनसुनवाई की व्यवस्था की गई है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि आमजन की समस्याओं का समुचित समाधान हो तथा उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च स्तर पर नहीं जाना पड़े। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य सहित विभिन्न बिंदुओं से संबंधित अपनी समस्याएं सीईओ के सामने रखीं। सीईओ ने उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश प्रदान किए।इस दौरान एसडीएम बिजेंद्र सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। ग्रामीण इन योजनाओं के लिए जागरुक हों तथा पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय शिक्षा और विज्ञान का है। ग्रामीण अपने बच्चों, विशेषकर बालिका शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।इस दौरान सीईओ ने ग्राम पंचायत में एमजेएसए एवं नरेगा में किए गए जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन किया तथा आवश्यक निर्देश प्रदान किए। चूरू पंचायत समिति बीडीओ महेन्द्र भार्गव, सरपंच सिंणगारी देवी, प्रो डीके सिंह कस्वां सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण एवं ग्रामीण मौजूद रहे।