पटना। बिहार की राजनीति में आज एक बड़ा ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। वे बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर राजभवन पहुंचे। इस इस्तीफे के साथ ही बिहार में नीतीश कुमार के करीब दो दशक लंबे शासन का समापन हो गया है।सूत्रों और राजनीतिक हलचल के मुताबिक, बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी का नाम लगभग तय माना जा रहा है। शाम 4 बजे के बाद उनके नाम का औपचारिक ऐलान होने की संभावना है। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाकर पटना भेजा है, जो विधायक दल की बैठक में नए नेता के नाम की पर्ची खोलेंगे।इस्तीफे से पहले नीतीश कुमार ने अपनी कैबिनेट की आखिरी बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा, "2005 में मैं सरकार में आया, जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया। नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा।" इस दौरान मंत्री रामकृपाल यादव सहित कई नेता भावुक नजर आए। बैठक के बाद नीतीश कुमार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की।पटना में बीजेपी कार्यालय को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष भी पटना पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि एनडीए की बैठक में सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लगने के बाद, कल यानी 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है।