जयपुर। जनसमस्याओं के मौके पर ही प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित हो रही जिला कलक्टर आनंदी की रात्रि चैापालों की श्रृंखला में शुक्रवार रात्रि जिले के खेरवाड़ा उपखण्ड क्षेत्र की सुलई ग्राम पंचायत मुख्यालय पर चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद किया और आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए जनसमस्याओं की सुनवाई कर विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण के निर्देश दिए। कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करते हुए राहत प्रदान की गई।जिला कलेक्टर ने विभागवार समस्याओं का निस्तारण करते हुए अधिकारियों को आमजन से जुड़े कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सुलई निवासी राम लाल पटेल,जीवत राम पटेल ने समस्या रखी कि सुलई में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में मात्र 4 कमरों में विद्यालय संचालित है, जिस पर भूमि व भवन की स्वीकृति होने के बाद भी निर्माण नही होने पर जिला कलक्टर ने नाराजगी जताते हुए निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।