जयपुर । केंद्र मेें मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस की तरफ से आरोप लगाने का दौर जारी है। इसी कड़ी में पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में किसानों की हालत बहुत खराब है और केंद्र सरकार को चाहिये कि जो कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी से जो मुनाफा कमाया है, उसके कुछ हिस्से से किसानों को राहत दी जाए। उन्होंने कहा बुनियादी तौर पर एनडीए की लीडरशिप भटक गई है, और अब बीजेपी को किसी दुश्मन की जरूरत नहीं है, बीजेपी खुद ही दुश्मन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की लीडरशिप चिड़िया से भी कमजोर है। बादल ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में अभी तक शिक्षा नीति नहीं बना सकी है,लेकिन जो एजुकेशन सेस लगा हुआ है, उसकी धनराशि का सदुपयोग भी सही ढंग से नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि देश के सरकारी स्कूलों से 5 लाख शिक्षक स्कूलों से गैरहाजिर है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यानी यूजीसी की तरफ से सरकारी विश्वविद्यालयों की फंडिंग में कटौती कर दी गई है, जिससे पीएचडी और एमफिल में कमी आ गई है। उन्होंने कहा कि निजी यूनिवर्सिटी तो हर तरह का कोर्स शुरू कर सकती है, लेकिन सरकारी विश्वविद्यालयों में तमाम अड़चने है। सरकारी विश्वविद्यालयों में संघ की विचारधारा वाले कुलपति थोपे जा रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि गौरक्षा के नाम पर जो गुंडागर्दी चल रही है, उससे पंजाब का डेयरी उद्योग भी चौपट हो गया है।