Looks like you've blocked notifications!

रंजिश के चलते पिकअप से टक्कर मार की थी हत्या, एक गिरफ्तार, नाबालिग निरूद्ध

चूरू। चूरू जिले में आपसी रंजिश के चलते बाइक सवार की पिकअप से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी राकेश फाण्डर पुत्र कालूराम जाट (24) निवासी मेलुसर बिकान थाना भालेरी को गिरफ्तार कर एक नाबालिग को निरुद्ध किया है। एसपी जय यादव ने बताया कि 15 अगस्त को मालकसर निवासी परिवादी रणवीर जाट ने थाना भानीपुरा पर एक रिपोर्ट देते हुए बताया कि पुरानी रंजिश के चलते चुन्नीलाल, संतलाल, प्रेम राकेश फाण्डर एवं रोहितास ने उसके भाई की मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मार कर हत्या की है। रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान एसएचओ राय सिंह द्वारा शुरू किया गया। एसपी यादव ने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से आपसी रंजिश चली आ रही थी। हत्या की इस घटना के बाद गांव का माहौल तनाव पूर्ण हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएचओ राय सिंह के नेतृत्व में थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। घटना के बाद से ही आरोपी फरार हो गए थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए थाना पुलिस की टीम हर संभावित स्थानों पर दबिश देकर तलाश कर रही थी। सूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता के आधार पर सोमवार को गठित टीम द्वारा घटना में शामिल आरोपी राकेश फाण्डर को गिरफ्तार कर एक बाल अपचारी को निरूद्ध कर लिया है। दोनों से पुलिस की टीम अन्य आरोपियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना भानीपुरा के कांस्टेबल कुलदीप की विशेष भूमिका रही है।
Share this article