सत्येंद्र शुक्लाजयपुर । राजस्थान में इस साल भी इंजीनियरिंग शिक्षा का बंटाधार हो गया है । रीप-2019 के जरिये प्रदेश के सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन इस साल भी 22 हजार से अधिक सीटें निजी और सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों की खाली रह गई है। राजस्थान इंजीनियरिंग कॉलेजेज सोसायटी के सचिव श्रीधर सिंह ने बताया कि इस वर्ष रीप-2019 के जरिये कुल 13 हजार 500 ही प्रवेश हुए है, जबकि सीटों की संख्या 36,000 थी। उन्होंने आरोप लगाया कि रीप कन्वीनर संदीप कुमार की हठधर्मिता की वजह से नेपाल के छात्र-छात्राओं का प्रवेश इस साल प्रदेश के निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में नहीं हो सका। साथ ही 12वीं में मैथ्स और फिजिक्स के साथ कंप्यूटर साइंस लेने वाले छात्र-छात्राओं को भी इंजीनियरिंग में प्रवेश नहीं मिल सका। उन्होंने यह भी बताया कि इस साल रीप कन्वीनर और उनकी टीम का सहयोग नहीं मिलने की वजह से छात्र-छात्राओं के प्रवेश कम हुए है। वहीं रीप कन्वीनर संदीप कुमार से प्रवेश प्रक्रिया के बारे में खास खबर डॉट कॉम ने सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि अभी तक इंजीनियरिंग कॉलेजों से डॉटा नहीं मिला है। इसके चलते उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने प्रवेश इस साल सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों में हुए है।आपको बता दे कि प्रदेश में 14 सरकारी क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज है, जबकि निजी क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेजों की संख्या अब 89 ही रह गई है।