श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में पैलेट गन के इस्तेमाल पर मचे घमासान के बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने हाईकोर्ट में अपना पक्ष रखा। पुलिस बल ने हाईकोर्ट में बताया कि अगर भीड़ पर नियंत्रण के उपाय के तौर पर पैलेट गन पर रोक लगाई जाती है तो कठिन हालात में जवानों को मजबूरन गोलियां चलानी पड़ेंगी जिससे और ज्यादा मौतें हो सकती हैं।हाईकोर्ट को दिए हलफनामे में सीआरपीएफ ने कहा, ‘सीआरपीएफ के पास मौजूद विकल्पों में से अगर इसे (पैलेट गन) हटा लिया जाता है तो कठिन परिस्थितियों में सीआरपीएफ के जवानों को राइफल से गोली चलानी पड़ेगी। इससे और ज्यादा मौंते होने की आशंका है।’ अर्धसैनिक बल का यह हलफनामा अदालत में दायर उस याचिका के जवाब में आया है जिसमें घाटी में भीड़ नियंत्रण के उपाय के तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की गई थी।