बांसवाड़ा। गायत्री मंडल द्वारा संचालित श्री पीताम्बरा आश्रम में मारुति महामंगल अर्चन अनुष्ठान भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ, विजय मंत्र जप और हनुमान सहस्रनामावली से विशेष पूजन-अर्चन किया गया। सनातन मंगल की कामना के लिए 108 दीप यज्ञ भी आयोजित किया गया, जिसमें भक्तों ने श्रद्धा और आस्था के साथ भाग लिया। पंडित आशीष पंड्या (पिंडारमा) के आचार्यत्व में साधक-साधिकाओं ने हनुमान सहस्रनामावली और हनुमान मंत्रों के साथ पुष्प और अक्षत अर्पित कर हनुमानजी के श्रीविग्रह का अर्चन किया। इस दौरान गायत्री मंडल के कार्यकारिणी सदस्य पं. चंद्रेश व्यास, डॉ. नवीन उपाध्याय, प्रतिमा सराफ, मेघा, यश, सौम्या शाह, नमय, ध्याना, नीना गुप्ता, हिरेन उपाध्याय, पुष्पा व्यास, डॉ. मनीषा उपाध्याय ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
लालीवाव मठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने हनुमान आरती विधान संपन्न किया और विश्वमंगल की कामना की। अनुष्ठान के बाद सामूहिक पुष्पांजलि कार्यक्रम में गायत्री मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर जी. जोशी, एडवोकेट यशपाल गुप्ता, ईश्वरदास वैष्णव, द्रोमिल त्रिवेदी, पं. मनोज नरहरि भट्ट, ललित आचार्य, सुधीर चौबीसा, विपिन भट्ट, किशोर पाठक, पंकज नारायण वैष्णव, बंटी सोनी आदि ने हिस्सा लिया। महामंडलेश्वर श्रीमहंत हरिओमदासजी महाराज ने अपने प्रवचन में श्रद्धालुओं को हनुमान भक्ति अपनाकर जीवन को आदर्श और मंगलकारी बनाने तथा शुचिता के साथ कर्मयोग करते हुए समाज और देश की समर्पित सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने गायत्री मंडल की गतिविधियों और श्री पीताम्बरा आश्रम के कार्यकलापों की सराहना करते हुए कहा कि आश्रम भविष्य में धर्म, अध्यात्म और संस्कृति चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरेगा। कार्यक्रम की शुरुआत में गायत्री मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर जोशी, कोषाध्यक्ष अनंत जोशी, कार्यकारिणी सदस्य कमलकांत भट्ट, ईश्वरदास वैष्णव, सुनील दोसी, जगदीशचंद्र सागवाड़िया, ललित जरादी एवं हेमांग जोशी ने उपरणा एवं पुष्पहारों से महामंडलेश्वर का स्वागत किया।