Looks like you've blocked notifications!

Madhya Pradesh : जिलाधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर पूर्व मंत्री गिरफ्तार, जमानत पर रिहा

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले की जिलाधिकारी निधि निवेदिता पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में भाजपा नेता व पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव को पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किया। बाद में यादव को न्यायालय से जमानत मिल गई। पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि जिलाधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर दर्ज किए गए मामले में पूर्व मंत्री यादव को गिरफ्तार किया गया, उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।यादव को दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी विनीत साकेत की कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 20-20 हजार रुपये के मुचलके पर रिहा कर दिया गया।जिलाधिकारी निधि निवेदिता ने नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान हंगामे पर भाजपा के एक कार्यकर्ता को थप्पड़ मारा था। भाजपा ने जिलाधिकारी द्वारा भाजपा कार्यकर्ता को थप्पड़ मारे जाने के विरोध में बुधवार को ब्यावरा में प्रदर्शन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव ने निधि निवेदिता पर अभद्र टिप्पणी की। यादव के खिलाफ ब्यावरा एसडीएम संदीप अस्थाना ने थाने में शिकायत की। इस पर गुरुवार की रात मामला दर्ज किया गया।यादव ने अपने बयान पर सफाई देते हुए खेद जताया। उन्होंने कहा था कि मेरे बयान से अगर किसी को ठेस पहुंची है तो मैं खेद व्यक्त करता हूं। मेरे कहने का आशय गलत नहीं था।--आईएएनएस
Share this article