नई दिल्ली। लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी विकास के मुद्दे पर बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेगी। बिहार में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाला है और चुनाव की घोषणा होने से काफी पहले ही लोजपा अपना चुनावी-घोषणा पत्र जारी करने जा रही है।लोजपा अध्यक्ष ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि वह 14 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में अपनी पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र 'विजन डॉक्यूमेंट' जारी करेंगे।उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले अगर घोषणा पत्र जारी होगा तो चुनाव में जात-पात मुद्दा नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश का विकास मुख्य मुद्दा होगा।चिराग पासवान प्रदेश में 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' यात्रा कर रहे हैं, जिसका समापन 24 अप्रैल को पटना के गांधी मैदान में होगा। उन्होंने बताया कि इस दौरान वह 'विजन डॉक्यूमेंट' तैयार करेंगे, जिनमें उन मुद्दों व समस्याओं को शामिल किया जाएगा, जिनसे प्रदेश के विकास की राह सुगम बनेगी।