लालसोट। राजेश पायलट राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लालसोट में स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष (नियमित एवं स्वयंपाठी) वार्षिक पद्धति के विद्यार्थियों की भूगोल विषय की प्रायोगिक परीक्षा 08 जून 2026 को प्रातः 8 बजे आयोजित की जाएगी।महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. जितेंद्र कुमार बैरवा ने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले सभी विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होना होगा। भूगोल विषय की सहायक आचार्य साक्षी मीणा ने जानकारी दी कि स्नातक द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के सभी स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के लिए प्रायोगिक प्रवेश पत्र, प्रायोगिक फाइल एवं प्रायोगिक शुल्क रसीद साथ लाना अनिवार्य है।उन्होंने बताया कि जिन स्वयंपाठी विद्यार्थियों ने अपनी प्रायोगिक फीस किसी अन्य महाविद्यालय में जमा कराई है, उन्हें संबंधित महाविद्यालय द्वारा जारी प्रायोगिक प्रशिक्षण प्रमाण पत्र भी परीक्षा के समय प्रस्तुत करना होगा। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होकर परीक्षा में भाग लेने की अपील की है।विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला चिकित्सालय में पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्पलालसोट। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजकीय जिला चिकित्सालय लालसोट में शुक्रवार को पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विधिवत पूजा-अर्चना कर बरगद का पौधा रोपित किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएमओ डॉ. राजकुमार सेहरा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने चिकित्सालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने, वर्षा जल संरक्षण एवं पुनर्भरण की व्यवस्थाएं विकसित करने, सार्वजनिक परिवहन का अधिकाधिक उपयोग करने तथा प्लास्टिक उत्पादों के प्रयोग से बचने का आह्वान किया। उन्होंने सभी उपस्थितजनों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ भी दिलाई।इस अवसर पर खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजपाल मीना, उपनियंत्रक डॉ. अनुराग दैमन, एमसीएच विंग प्रभारी डॉ. लक्ष्मीचंद मीना, डॉ. संजय पामेचा, डॉ. रामकिशोर सैनी, डॉ. रविंद्र सिंह चौहान, डॉ. इंद्रजीत सिंह नरुका, डॉ. प्रकाश मीना, डॉ. टीकम चंद, नर्सिंग अधीक्षक मदन लाल शर्मा, पंडित दिनेश , सिद्धार्थ शर्मा, प्रहलाद तिवाड़ी सहित चिकित्सालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।स्काउट-गाइड शिविर में गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्परामगढ़ पचवारा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स ब्लॉक रामगढ़ पचवारा द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहुवास में संचालित अभिरुचि एवं कौशल विकास शिविर के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।शिविर के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण तथा स्वच्छ पर्यावरण जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों की रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।इस अवसर पर शिविरार्थियों, स्काउट-गाइड सदस्यों एवं शिक्षकों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है।स्काउट सचिव नवीन शर्मा सुकार ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कंप्यूटर, सिलाई, मेहंदी, ब्यूटीशियन, डांस, इंग्लिश स्पोकन एवं पेंटिंग सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में कौशल विकास, आत्मविश्वास तथा स्वरोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।सहायक शिविर प्रभारी रामावतार रैगर ने कहा कि ऐसे शिविर बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास करते हैं। स्काउट मास्टर एवं उपप्रधानाचार्य कैलाश चंद मीना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाकर ही स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।