कोटा। राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (राज-रेरा) के एडज्यूकेटिंग ऑफिसर आर.एस. कुलहरी ने कोटा निवासी दयेश कुमार पोरवाल की शिकायत पर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। शिकायतकर्ता ने शिव शक्ति रियलहोम प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ फ्लैट की डिलीवरी में देरी, मानसिक पीड़ा और सेवा में कमी को लेकर मुआवजा मांगा था। बिल्डर की गैरहाजिरी में मामले की सुनवाई हुई और रेरा ने शिकायतकर्ता के पक्ष में निर्णय देते हुए बिल्डर को ₹1 लाख रुपए मानसिक पीड़ा के लिए तथा ₹20,000 मुकदमा खर्च के रूप में भुगतान करने का आदेश दिया है। शिकायतकर्ता ने शिवराज रेजिडेंसी प्रोजेक्ट में फ्लैट C-801 के लिए कुल ₹38,58,339/- का भुगतान किया था। बिक्री समझौते के अनुसार अगस्त 2018 तक फ्लैट की डिलीवरी होनी थी, लेकिन बिल्डर ने अब तक न तो निर्माण कार्य पूरा किया और न ही कब्जा सौंपा। इससे पूर्व 3 जून 2024 को रेरा ने बिल्डर को जमा राशि पर 10.85% वार्षिक ब्याज सहित राशि लौटाने का आदेश दिया था।
हालांकि, इसके बाद भी भुगतान न होने पर शिकायतकर्ता ने मुआवजे की नई याचिका दायर की। सुनवाई में यह स्पष्ट हुआ कि बिल्डर ने जानबूझकर परियोजना को अधूरा छोड़ा और ग्राहक को ठगा। ट्रैक रिपोर्ट के अनुसार बिल्डर को नोटिस की सेवा हो चुकी थी लेकिन वह पेश नहीं हुआ, जिसके चलते मामला एकतरफा रूप से तय किया गया। एडज्यूकेटिग ऑफिसर ने कहा कि फ्लैट न मिलने से शिकायतकर्ता को आवासीय संपत्ति में निवेश का लाभ नहीं मिला और वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा। इसलिए जमा राशि पर अगस्त 2018 से 3 जून 2024 तक 1% अतिरिक्त ब्याज और कुल राशि पर 4 जून 2024 से भुगतान की तिथि तक 12% ब्याज दिए जाने का आदेश दिया गया है। साथ ही प्रत्येक किस्त पर 1 अगस्त 2018 तक 12% ब्याज भी देना होगा।
अगर बिल्डर 45 दिन में आदेश की पालना नहीं करता है, तो उसे संपूर्ण देय राशि पर 2% वार्षिक अतिरिक्त साधारण ब्याज भी देना होगा। यह आदेश राज-रेरा की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है और दोनों पक्षों को भेज दिया गया है।