बारां। जिला कलेक्टर डॉ. एस.पी. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे जिले की आवश्यक सेवाओं को चुस्त दुरूस्त रखें। पेयजल, विद्युत, सडक़, चिकित्सा जैसी बुनियादी सेवाओं के कार्यों को पूर्ण तत्परता से पूरा किया जाए।जिला कलेक्टर ने यह निर्देश सोमवार को मिनी सचिवालय के सभाकक्ष में आयोजित आवश्यक सेवाओं, पेयजल, मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण संबंधी बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल वितरण के लिए पाइप लाइन के लीकेजों को तत्काल दुरूस्त किया जाए। अटरू-खेडलीगंज पेयजल योजना की कार्यवाही को शीघ्रता से पूर्ण किया जाए। अन्नपूर्णा भंडार के कार्य को भी समयबद्ध तरीके से किया जाना सुनिश्चित करें। मौसमी बीमारियों पर नियंत्रण के लिए मुस्तैदी से कार्य किया जाए। चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को बेहतर रखें। सम्पर्क समाधान पोर्टल पर लम्बित प्रकरणों का निस्तारण करें।जिला परिषद सीईओ भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित होने वाले पंचायत शिविरों में सभी विभागों के कार्यों को शामिल किया गया है। इसमें सीमाज्ञान व पट्टा वितरण के कार्य भी कराए जाएंगे। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर वासुदेव मालावत सहित चिकित्सा, जलदाय, विद्युत, सिंचाई, रसद, आरयूआईडीपी, निर्माण, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे।