रांची। झारखंड में नई सरकार का शपथ ग्रहण 29 दिसंबर को हुआ था। अबतक 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी भी मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो सका है।नई सरकार में मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल 12 मंत्री होंगे, जिनमें से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस के दो और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के एक विधायक ने मंत्रिपद की शपथ ली है। फिलहाल मंत्रिमंडल में आठ सीटें खाली हैं। जिन्हें मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है, उन्हें भी विभाग नहीं बांटे गए हैं। विपक्ष अब नई सरकार को कांग्रेस की कठपुतली बनने का आरोप लगा रहा है।भाजपा के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव का आरोप है कि गठबंधन की सरकार चुनाव से पहले झारखंड की जनता की सरकार होने का दावा करती थी, लेकिन असल में यह कांग्रेस की कठपुतली है।उन्होंने कहा कि 24 दिन के कार्यकाल में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पांच बार दिल्ली जाकर 11 दिन वहां गुजार चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दिल्ली में बैठकर ट्वीटर पर ही सरकार चला रहे हैं।शाहदेव का दावा है कि कांग्रेस विभागों के बंटवारे को लेकर हस्तक्षेप कर रही है, जिसके कारण मुख्यमंत्री को कभी सोनिया गांधी के दरबार में तो कभी लालू प्रसाद के जेल दरबार में हाजिरी लगानी पड़ रही है। उन्होंने इसे मात्र 'ट्रेलर' बताकर तंज कसा है और कहा है कि अभी तो पूरी फिल्म बाकी है।विपक्ष तो विपक्ष, सरकार का समर्थन कर रहा झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) भी मुख्यमंत्री सोरेन को आईना दिखा रहा है।