Looks like you've blocked notifications!

भ्रूण लिंग परीक्षण में लिप्त झोलाछाप दलाल गिरफ्तार

जयपुर। राज्य पीसीपीएनडीटी दल ने लगातार दूसरे दिन 150वें सफल डिकॉय ऑपरेशन को अंजाम देते हुए बीकानेर में सामान्य सोनोग्राफी करवाकर मनगढ़ंत रूप से भ्रूण लिंग बताने वाले हनुमानगढ़ के भादरा निवासी झोलाछाप दलाल सतनाम गिरफ्तार किया गया है। अध्यक्ष राज्य समुचित प्राधिकारी, पीसीपीएनडीटी एवं मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ समित शर्मा ने बताया की गत दिनों से बीकानेर के ग्राम गैरसर में झोलाछाप के रूप में ठगी कर रहे दलाल सतनाम चौहान द्वारा हनुमानगढ़ गंगानगर जैसे निकटवर्ती जिलों से गर्भवतियों को लाकर उनके गर्भस्थ शिशु के लिंग की जांच करवाई जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीसीपीएनडीटी शालिनी सक्सेना के नेतृत्व में लगातार उसकी रेकी की गई और मुखबिर के माध्यम से संपर्क कर लिंग जांच के लिए राशि रूपयें 32 हजार में सौदा तय किया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार को दलाल ने जांच के लिए गर्भवती महिला को गंगानगर चैराहे बुलाया और तय रकम राशि रूपये 32 हजार ले ली। दलाल गर्भवती व उसकी सहयोगी को लगभग एक घंटे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घुमाता रहा। अंततः पीबीएम अस्पताल के सामने एक्स रे गली स्थित एक निजी लैब में महिला की साधारण सोनोग्राफी करवाई। गर्भवती को दलाल ने बाहर आकर मनगढ़ंत रूप से भू्रण लिंग की जानकारी दी। दल ने दलाल को पकड़कर लिंग जांच की एवज में लिए हू-ब-हू नम्बरी नोट बरामद कर लिए। प्रथम दृष्टया केंद्र द्वारा साधारण रूप से सोनोग्राफी करना पाया गया फिर भी रेडियोलॉजिस्ट, सोनोग्राफी केंद्र व पर्ची लिखने वाले डॉक्टर की भूमिका व संलिप्तता पर अनुसंधान किया जा रहा है।
Share this article