पटना। बिहार के अखबारों में सोमवार को बेहद आसान तरीके से एक गंभीर बात छापी गई है। सभी अखबारों के पहले पेज पर प्रकाशित एक विज्ञापन में बिहार के सीएम पद की दावेदारी की गई है। अंग्रेजियत यानी पंख लगे सफेद घोड़े के साथ एक पार्टी ऐलान कर रही है कि मैं आ गई हूं। अखबार के पहले पन्ने पर अंग्रेजी में छपे इस विज्ञापन में एक लड़की किताबों के आलमीरा के आगे तीक्ष्ण निगाहों से घूरते हुए खड़ी है। उसके बगल में लिखा है -सीएम कैंडिडेट बिहार 2020।वहीं पेज नंबर दो पर एक मुख्यमंत्री कैंडिडेट आम बिहारी नागरिकों के लिए एक पत्र लिख रहा है। पत्र में बिहारियों से कहा गया है कि इसे संभाल कर रखें। क्योंकि आपके और आपके बच्चों के बेहतर भविष्य की गारंटी है। पत्र में दावा किया गया है कि 2030 तक बिहार यूरोप हो जाएगा। पत्र में बिहार का इतिहास लिखने के साथ ही यह भी कहा गया है कि यह मेरे शपथ-पत्र के तौर पर संभाल कर रखिएगा।पुष्पम प्रिया चौधरी ने अपने ट्विटर हैंडल पर भी इसकी घोषणा की है। पुष्पम ने अपने ट्वीट में लिखा है कि बिहार को बदलाव की जरूरत है और 'प्लूरल' के पास इसके लिए 2025 एवं 2030 का रोडमैप है। एक अन्य ट्वीट में भी वह बिहार में बदलाव तथा विकास की बात करती हैं तथा राज्य की जनता से अपनी पार्टी से जुड़ने की अपील करती हैं।