Looks like you've blocked notifications!

भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों में है विज्ञान का समावेश : उमा भारती

कोटा। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्री उमा भारती ने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों में विज्ञान का भी समावेश है। विद्यार्थी भारत के भविष्य हैं, भारतीय जीवन मूल्यों को आत्मसात कर सकारात्मकता के साथ आगे बढें। जल संसाधन मंत्री शुक्रवार को यूआईटी ऑडिटोरियम में ‘विद्यार्थी जीवन में भारतीय मूल्यों का योगदान’ विषय पर आयोजित सेमीनार में विभिन्न कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति पुरातन है। हिन्दू संस्कृति एक जीवन शैली है, जिसमें विज्ञान का भी समावेश है। वरिष्ठजनों का सम्मान एवं युवाओं को आगे बढऩे की प्रेरणा भारतीय संस्कृति की देन है। भारतीय संस्कृति में पर्यावरण से प्रेम के अनेक उदाहरण सामने हैं। जीव-जंतु, वनस्पति का संरक्षण ही नहीं, बल्कि पूजा की परंपरा रही है। विद्यार्थी भारतीय मूल्यों को आत्मसात कर आगे बढें तो निश्चित रूप से वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को हम विश्व के सामने साबित कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने भारतीय राजनीति को आत्मसात करते हुए देश में ‘सबका साथ-सबका विकास’ को साकार करने का कार्य किया है। विश्वभर में भारत का मान बढ़ा है। सेमीनार में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न विषयों पर सवाल कर अपनी जिज्ञासा जानी। उन्होंने विद्यार्थियों को उर्जावान रहने के लिए बड़ों का सम्मान कर सकारात्मक सोच के साथ सात्विक भोजन करने का सुझाव दिया। राष्ट्रवाद का शिक्षा में स्थान के सवाल पर उन्होंने बताया कि माता-पिता व गुरुजनों से प्राप्त संस्कार से राष्ट्रवाद आता है। राष्ट्रीय भाषा को आगे बढ़ाने के लिए हमें थोपना नहीं, बल्कि स्वीकार करना चाहिए। इस मौके पर सांसद ओम बिरला ने कहा कि विद्यार्थी जीवन कोरा कागज की तरह होता है। भारतीय मूल्यों के साथ शैक्षणिक माहौल मिलने से युवा देश के विकास में अच्छी तरह भागीदारी निभा सकेंगे। उन्होंने कोटा को शैक्षणिक नगरी बताते हुए कहा कि यहां देशभर के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। इससे पूर्व अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
Share this article