Looks like you've blocked notifications!

देश की पहली महिला जासूस अवैध रूप से सीडीआर बेचने के आरोप में अरेस्ट

ठाणे। मुंबई की ठाणे क्राइम ब्रांच ने अवैध रूप से सोर्सिंग और सीडीआर बेचने वाले जासूसों के गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध माध्यम से कॉल डिटेल रिकॉड्र्स (सीडीआर) प्राप्त करने के आरोप में भारत की पहली महिला जासूस रजनी पंडित सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। रजनी (54) पूर्व पुलिस अधिकारी की बेटी हैं। पुलिस ने समरेश झा नाम के एक जासूस को गिरफ्तार करने के बाद उन्हें उनके घर से गिरफ्तार किया। समरेश ने पुलिस को बताया था कि वह इन कॉल डिटेल्स को रजनी के कहेनुसार सोर्स करता था और इसे मोटी कीमत में बेचते थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि रजनी ने करीब 5 लोगों के सीडीआर मांगे और खरीदे थे। ठाणे पुलिस प्रमुख परम बीर सिंह ने बताया, पंडित की भूमिका इस रैकेट में स्पष्ट रूप से सामने आई है। जो लोग घोटाले में शामिल हैं, देश के किसी भी कोने में छिपे हों बख्शे नहीं जाएंगे। पुलिस ने दो अन्य जासूसों संतोष पंडगले (34) और प्रशांत सोनावाणे (34) को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि रजनी का बयान दर्ज कर लिया गया है और हम उनसे पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार जासूसों के द्वारा की गई जासूसी के हवाले से पता चलता है कि इन्होंने अपने ग्राहकों को एक बड़ी राशि के लिए सीडीआर देने का वादा किया था। पुलिस ने दिल्ली के एक व्यक्ति पर जीरो एफआईआर दर्ज की है जो आरोपियों को लगातार सीडीआर उपलब्ध कराता था।
Share this article