चंदरपुर। डॉक्टरों के छुट्टी पर चले जाने पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर भडक़ गए है। उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं तो उन्हें नक्सलियों के साथ जुड़ जाना चाहिए और हम उनको गोलियों से जवाब देंगे। महाराष्ट्र के चंदरपुर जिले में एक अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर ने कहा कि मैं लोकतांत्रिक तरीके से चुना गया मंत्री हूं। यह जानते हुए भी मैं आ रहा हूं, लेकिन वे क्यों छुट्टी पर चले गए। यदि वे लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते हैं तो उन्हें नक्सलियों के साथ जुड़ जाना चाहिए। हम उन्हें गोलियों से जवाब देंगे। उन्होंने कहा, डॉक्टर सरकारी खर्चे पर पढ़ते हैं और निजी प्रैक्टिस करते हैं। सरकार इसे अवैध जानते हुए भी उन्हें अनुमति देती है। डॉक्टरों को अच्छा वेतना मिलता है लेकिन गांवों में वे काम नहीं करना चाहते हैं। मंत्री के इस बयान की सोशल मीडिया में कड़ी आलोचना हो रही है।